The Lallantop

बॉलीवुड गाने पर पाकिस्तानी क्रिकेटर ने TikTok बनाया, PCB ने मस्ती उतार दी

तो TikTok अब पाकिस्तान के लिए भी सरदर्द बन गया है...

Advertisement
post-main-image
मॉल में एक महिला फैन के काफी रिक्वेस्ट करने के बाद वो गाने के लिए तैयार हो गए.
त्रासदी समझते हैं आप? टिक टॉक एक ऐसा ऐप है जिसे लोग त्रासदी का नाम दे रहे हैं. गुरुवार को ही मद्रास हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से इस पर बैन लगाने को कहा है. मद्रास हाईकोर्ट ने कहा है कि इससे पोर्नोग्राफी को बढ़ावा मिल रहा है. केंद्र सरकार इसे तत्काल प्रभाव से हटाए. भईया बहुतै टाइम खपाने वाला ऐप है. लोग इस ऐप पर फिल्मी गानों के ऊपर लिपसिंग करके वीडियो बनाते हैं फिर शेयर करते हैं. वैसे भारत ही नहीं इस पर पाकिस्तान में भी बवाल मचा हुआ है. पाकिस्तान के क्रिकेटर हैं यासिर शाह. लेग स्पिन फेंकते हैं. अपनी टीम के साथ यूएई में थे. ऑस्ट्रेलिया के साथ सीरीज़ थी जिसमें उनकी टीम को 5-0 से हार मिली. हार के बाद फुर्सत मिली तो मॉल में चले गए पार्टी करने. यहां उन्हें एक महिला फैन ने पकड़ लिया. अब पकड़ा तो पकड़ा, टिक टॉक पर वीडियो भी बनवा लिया. इस वीडियो पर अब बवाल मच गया है. 18 सेकेंड के वीडियो के लिए यासिर शाह को पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से कस के डांट पड़ी है. वीडियो में महिला फैन के साथ वो बॉलीवुड गाने पर लिपसिंग कर रहे हैं. ये वीडियो सामने आने के बाद पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस भी भयानक भड़क गए. वैसे एक बात और कि मामला क्लियर नहीं है कि फटकार आखिर लगी क्यों. क्या इसीलिए क्योंकि उन्होंने भारतीय गाने पर लिपसिंग की, या फिर इसीलिए क्योंकि उन्होंने महिला फैन के साथ वीडियो बनाया, या फिर बिना इजाज़त कहीं भी पार्टी करने चले गए. तीनों में से कोई भी बात साफ नहीं है. लेकिन हां! स्पष्ट बस इतना है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस वीडियो पर भड़का हुआ है और खिलाड़ियों के लिए मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट लगाने की तैयारी कर रहा है. इस वीडियो पर बवाल बढ़ने के बाद यासिर शाह ने इस बात को माना है कि वो महिला फैन के काफी ज़िद करने के बाद वीडियो बनाने को तैयार हो गए थे. साथ ही उन्होंने ये भी माना कि वो मॉल में पार्टी के लिए गए थे और उनके साथ उमर अकमल भी मौजूद थे. इस पार्टी के लिए उन्होंने टीम मैनेजमेंट से किसी तरह की परमिशन भी नहीं ली थी. PCB से जुड़े अधिकारियों का भी कहना है कि वर्ल्ड कप सामने है, ऐसे में खिलाड़ियों को सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देना चाहिए. पाकिस्तान टीम के कोच मिकी आर्थर ने भी कहा है कि यासिर ने गलती मान ली है. इसीलिए इस मामले को तूल नहीं दिया जाना चाहिए. यासिर को एहसास हो गया है कि सोशल मीडिया पर इस तरह से वीडियो रिकॉर्ड करना सही नहीं था. 32 साल के लेग स्पिनर यासिर शाह ने पाकिस्तान के लिए 35 टेस्ट, 24 वनडे और दो टी 20 मैच खेले हैं. जिसके बाद वो वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहे हैं और वर्ल्ड कप से ठीक पहले इस तरह की कॉन्ट्रोवर्सी में पड़ना उनके करियर की सेहत के लिए अच्छी बात नहीं.

Advertisement
Advertisement