कुंडली के नजदीक दिल्ली बॉर्डर पर एक रेस्टोरेंट में सगाई-समारोह हुआ. सगाई-समारोह ऐसा कि पक्ष-विपक्ष-प्रतिपक्ष सब आ गए. भाजपा से मुरली मनोहर जोशी, भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रजभूषण शरण, कांग्रेसी नेता कुलदीप बिश्नोई, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, इनेलो नेता दिग्विजय चौटाला, आप प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद.
हरियाणा के अखाड़ों में पहलवानजी के नाम से पुकारे जाने वाले योगेश्वर की शादी में पहलवान तो आने ही थे. साथ ही योगेश्वर के पैतृक गांव भैंसवाल के दोनों सरपंच भी आए थे. 16 जनवरी को दिल्ली के अलीपुर स्थित बैंक्वेट हॉल में योगेश्वर और शीतल सात फेरे लेंगे. यहीं पर योगेश्वर के मित्र सुशील कुमार की शादी हुई थी. योगेश्वर दत्त लगातार 4 बार ओलंपिक खेल चुके हैं. 2012 में लंदन ओलंपिक में उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था, लेकिन अब रियो ओलंपिक में वे चूक गए. उनके गुरू और हरियाणवी रागणी गायक मास्टर सतबीर ने उनका रिश्ता रोहतक के हुमायूंपुर गांव के नंबरदार और कुलदीप बिश्नोई के बेहद करीबी जयभगवान शर्मा की बेटी शीतल तय करवाया था. योगेश्वर और जयभगवान के परिवार 1998 से एक-दूसरे को जानते हैं. योगेश्वर की मंगेतर शीतल अध्यापक पात्रता परीक्षा पास करने के बाद सोनीपत से बीए कर रही हैं. शीतल कांग्रेसी नेता जयभगवान शर्मा की इकलौती बेटी हैं. जयभगवान शर्मा ने 2009 में सफीदों से हरियाणा जनहित कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए. अब कुलदीप बिश्नोई के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. वैसे सगाई के अवसर में राजनीति पढ़ने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि योगेश्वर संघ-भाजपा के कार्यक्रमों में भी शामिल होते रहे हैं. ये भी पढ़ लो:














