The Lallantop

निशा दहिया हैं बिल्कुल ठीक तो हत्या किसकी हुई?

निशा दहिया ने खुद वीडियो जारी कर अपनी हत्या की खबर को गलत बताया है.

Advertisement
post-main-image
निशा दहिया (बाएं) और हत्या की वारदात का शिकार हुई निशा. (तस्वीरें- इंडिया टुडे और सोशल मीडिया से साभार)
नेशनल रेसलर निशा दहिया की हत्या कर दी गई? नहीं. निशा दहिया की हत्या नहीं की गई है. वो जीवित हैं और बिल्कुल ठीक हैं. गोंडा में रेसलिंग करने पहुंची हुई हैं. उनकी हत्या की खबर ने मीडिया में बवेला मचा दिया था. इसे देखते हुए निशा दहिया ने खुद वीडियो रिकॉर्ड बताया कि देख लो गौर से, जिंदा हूं मैं. निशा दहिया की करीबी दोस्त और जानी-मानी रेस्लर साक्षी मलिक ने भी ट्वीट कर उनके सुरक्षित होने की जानकारी दी.
किसकी हत्या हुई?
इंडिया टुडे/आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक जिस महिला रेसलर की हरियाणा के सोनीपत में हत्या की गई, वो कोई और निशा है. बताया गया कि नाम एक जैसा होने की वजह से कन्फ्यूजन हुआ और निशा दहिया की हत्या की खबर मीडिया में चला दी गई.
हरियाणा के सोनीपत के हलालपुर गांव में एक कुश्ती एकेडमी है जहां पहलवानों की ट्रेनिंग चलती है. आजतक से जुड़े सतेंदर चौहान के मुताबिक बुधवार 10 नवंबर को कुछ अज्ञात बंदूकधारी एकेडमी पहुंचे और निशा नाम की पहलवान को गोली मार दी. उन्होंने निशा के भाई सूरज और मां को भी निशाना बनाया. इस हमले में निशा और सूरज की मौत हो गई. घायल मां का स्थानीय सरकारी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है.
उधर घटना से गुस्साए लोगों ने कुश्ती एकेडमी में पहले जमकर तोड़फोड़ की और फिर उसमें आग लगा दी. इसके बाद घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया. वहीं शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. सोनीपत के एसपी राहुल शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फिलहाल हत्या के कारण का पता नहीं चल पाया है. जांच कर इसका पता लगाया जाएगा.
nisha dahiya
स्क्रीनग्रैब- इंडिया टुडे

हाल ही में कांस्य पदक विजेता बनीं निशा
निशा दहिया ने बीती 5 नवंबर को ही अंडर-23 विश्व चैंपियनशिप में 65 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने और भी महिला पहलवानों के साथ उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए उनकी तारीफ़ की थी. पीएम मोदी ने ट्वीट कर इन महिला पहलवानों को बधाई दी थी.

Advertisement
Advertisement