The Lallantop

क्या हरियाणा में AAP और कांग्रेस का गठबंधन होगा? दीपेंद्र हुड्डा ने दिया जवाब

लोकसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली के अलावा हरियाणा में भी साथ लड़ी थी.

Advertisement
post-main-image
दीपेंद्र हुड्डा इस बार रोहतक से लोकसभा सांसद बने हैं. (फोटो- पीटीआई)

लोकसभा सांसद और कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) के सदस्य दीपेंद्र हुड्डा ने साफ किया है कि आने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन नहीं होगा. दी लल्लनटॉप के पॉलिटिकल इंटरव्यू प्रोग्राम ‘जमघट’ में दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा कांग्रेस की कथित गुटबाजी, कुमारी शैलजा-हुड्डा खेमे के बीच टकराव और इस साल के अंत में होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव जैसे कई विषयों पर बात की. लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और AAP विपक्ष के INDIA गठबंधन का हिस्सा थी. दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में AAP के साथ गठबंधन नहीं होने की वजहें बताई हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंटरव्यू में हुड्डा कहते हैं कि आम आदमी पार्टी का हरियाणा में कोई जनाधार नहीं है. हुड्डा के मुताबिक, 

“उन्होंने (AAP) प्रयास किया है और एक समय जब पंजाब चुनाव (2022) में AAP जीती थी तब हरियाणा में पार्टी की तरफ थोड़ा रुझान देखने को मिला था. उसके तुरंत बाद कांग्रेस ने संगठनात्मक फैसले लिए. उदयभान जी के कंधों पर जिम्मेदारी दी. उससे कांग्रेस पार्टी के प्रति माहौल बना. जो लोग छोड़कर गए थे, वे पार्टी में वापस आ गए.”

Advertisement

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली के अलावा हरियाणा में भी साथ लड़ी थी. गठबंधन के तहत कुरुक्षेत्र सीट AAP को दी गई थी. लेकिन पार्टी के उम्मीदवार सुशील गुप्ता बीजेपी के नवीन जिंदल से हार गए थे.

दीपेंद्र हुड्डा ने अब बताया है, 

"लोकसभा चुनाव लड़ने का फैसला राष्ट्रीय स्तर पर लिया गया था. क्योंकि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ सीट हमें दे रही थी. और दिल्ली के अंदर तीन सीट देने पर सहमति बनी थी. इस फैसले का हमने पूरा सम्मान किया और सहयोग किया. आपने देखा कि हमने AAP के उम्मीदवार की पूरी मदद की."

Advertisement

उन्होंने साफ कहा कि ये लोकसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय स्तर का गठबंधन था. हुड्डा ने दावा किया कि विधानसभा में सभी 90 सीटों पर कांग्रेस खुद से लड़ने में सक्षम है. पार्टी अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने ये भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन बनी रहेगी.

ये भी पढ़ें- राजस्थान के 3 लाख सरकारी कर्मचारियों की नींद उड़ना तय, फेक डिग्री कांड पर सरकार का बड़ा एक्शन

दीपेंद्र सिंह हुड्डा अपने परिवार की चौथी पीढ़ी हैं जो सार्वजनिक सेवा में हैं. उनके पिता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने दो बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. दीपेंद्र के साथ पूरी बातचीत आप यहां क्लिक कर के देख सकते हैं.

हरियाणा के 90 विधायक दल वाले सदन में फिलहाल कुल विधायक 87 हैं. कांग्रेस के पास फिलहाल 30 विधायक हैं.

वीडियो: जमघट: दीपेंद्र हुड्डा ने कांग्रेस में गुटबाजी और हरियाणा विधानसभा चुनाव पर क्या बताया?

Advertisement