स्कूल की लॉबी में खड़ा एक हट्टा कट्टा हमलावर. हाथ में हैंडगन. छात्रों में दहशत का माहौल. हैंडगन लहराते हुए हमलावर दरवाजे की तरफ गया. तभी कुछ ऐसा हुआ जिसकी उसको उम्मीद भी न थी. सामने से आंधी की गति से एक शख्स निकला और खदेड़ते हुए उसको पकड़ लिया. फिर उसे धक्का देते हुए एक बेंच पर गिरा दिया. इस दौरान हैंडगन से एक गोली निकली. गोली हमलावर को दबोचने वाले शख्स के पैर में लगी. लेकिन फिर भी उसने पकड़ ढीली नहीं की. फिर एक और टीचर उसकी मदद के लिए आए और संदिग्ध से हैंडगन छीन ली.
स्कूल में गोलियां चला रहे हमलावर को प्रिंसिपल ने दबोचा, गोली लगने के बाद भी छूटने नहीं दिया
स्कूल में बंदूक लेकर एक हमलावर घुस आया. उसका मकसद शिक्षकों और छात्रों को मारना था. लेकिन स्कूल के प्रिंसिपल ने अपनी बहादुरी दिखाते हुए उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया. हमलावर को पकड़ने के प्रयास में उनके पैर में गोली भी लग गई.


NBC न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना अमेरिका के ओक्लाहोमा सिटी के पॉल्स वैली हाई स्कूल की है. बंदूकधारी संदिग्ध को दबोच कर बच्चों की जान बचाने वाले शख्स का नाम है किर्क मूर. मूर पॉल्स वैली स्कूल के प्रिंसिपल हैं. बच्चों को बचाने में उनके पैर में गोली लग गई. इस घटना की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध का नाम विक्टर ली हॉकिन्स है. उसकी उम्र 20 साल है. वह दो ऑटोमेटिक हैंडगन लेकर स्कूल में घुसा था.
विक्टर स्कूल की लॉबी में घुसा और वहां मौजूद छात्रों को जमीन पर लेटने को कहा. फिर उसने एक छात्र को गोली मारने की कोशिश की. लेकिन हैंडगन चली नहीं. इसके बाद उसने हैंडगन ठीक की. फिर एक और छात्र को निशाना बनाया. इस बार गोली तो चली लेकिन निशाना चूक गया.
निशाना चूकने के बाद दोनों छात्र छोड़ देने की गुहार लगाने लगे, जिसके बाद आरोपी ने उन्हें जाने दिया. उनके पीछे दूसरे छात्र भी जाने लगे. तभी किर्क मूर बिजली की गति से दरवाजे से बाहर निकले और हॉकिन्स को पकड़ लिया. उसका चेहरा एक बेंच पर दबा दिया. तभी एक और टीचर उनकी मदद के लिए आए. उन्होंने आरोपी से बंदूक छीन ली.
हॉकिन्स को स्कूल प्रशासन ने पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि वो पॉल्स वैली हाई स्कूल का पूर्व छात्र है. वह प्रिंसिपल किर्क मूर को पसंद नहीं करता था और 'कोलंबाइन शूटर्स' की तरह स्कूल शूटआउट करना चाहता था. साल 1999 में कोलोराडो में एक हाई स्कूल में शूटआउट हुआ था. जिसमें 14 बच्चे मारे गए थे. शूटआउट में शामिल दो टीनएज हमलावर भी मारे गए थे.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हॉकिन्स अपने पिता की दो हैंडगन लेकर स्कूल गया था. उसने इसके लिए पिता से अनुमति नहीं ली थी. उसने बताया, उसका इरादा छात्रों, शिक्षकों, प्रिंसिपल मूर को मारकर खुद की भी जान लेने का था. हॉकिन्स को पकड़ने में प्रिंसिपल मूर के पैर में गोली लग गई थी. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल मूर ठीक हैं. उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है. उन्होंने बताया कि ठीक होते ही वे काम पर लौटने के लिए उत्साहित हैं.
वीडियो: सोशल लिस्ट: स्कूल ड्रेस में डांसर, बादशाह के Latest Song Tateeree पर पर कॉन्ट्रोवर्सी, हुई शिकायत


















