गुजरात के गिर अभ्यारण्य में कुत्ते ने शेरनी को ऐसा खदेड़ा कि वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा.
अरे शेर का बच्चा है, पीछे थोडे़ न हटेगा... इस टाइप की भभकी आपने पहले जरूर सुनी होगी. लेकिन इस बार कुछ ऐसा हुआ है कि शेर की भभकी ही गीदड़ भभकी साबित होती नजर आ रही है. सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक कुत्ता शेरनी को खदेड़ता हुआ नजर आ रहा है. इससे आम लोग ही नहीं, वन्य जीवों के एक्सपर्ट्स के भी कान खड़े हो गए हैं. आइए जानते हैं क्या है पूरा माजरा.
वायरल वीडियो गिर अभ्यारण्य का
वायरल हो रहा वीडियो एशियाई शेरों के लिए मशहूर गुजरात के गिर अभ्यारण्य का है. यहां के सासण सफारी पार्क में हर साल हजारों सैलानी शेर देखने की चाहत में आते हैं. ऐसे ही कुछ सैलानियों ने पार्क में एक चौंकाने वाला वाकया विडियो में कैद किया. वीडियो में दिख रहा है कि एक कुत्ते के आगे शेरनी की एक नहीं चल रही है और उसे पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ रहा है. वीडियो में कुत्ता लगातार भौंकते हुए शेरनी पर झपट्टा मारता है. हालांकि शेरनी भी एक बार झपट्टा मारती है, लेकिन कुत्ता पीछे नहीं हटता. यह सिलसिला कुछ देर तक चलता है. लेकिन आखिर में शेरनी शांत पड़ जाती है. कुत्ता चौड़ा होकर लौटता दिखता है, शेरनी भी पीछे हटकर जंगल में दूसरी तरफ चली जाती है. वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गया है. भारतीय वन सेवा के एक अधिकारी प्रवीण कसवां ने इस घटना को लेकर ट्विटर पर लिखा-
जिंदगी में आत्मविश्वास ऐसा ही होना चाहिए. कुत्ता बनाम शेर. यह आवारा कुत्तों और जंगली जानवरों के आमने-सामने आने की समस्या की तरफ भी इशारा करता है.
जानकार बोले- ये साइड इफेक्ट है
शेरनी की इस हरकत पर वन्य जीवों के एक्सपर्ट भी हैरान हैं. दैनिक भास्कर अखबार की खबर के मुताबिक, सासण सफारी पार्क-2 के इस वीडियो पर गुजरात के रिटायर्ड क्षेत्रीय वन अधिकारी बालकृष्ण दवे कहते हैं-
जंगल का राजा कहलाने वाले यहां के शेरों की आक्रमण और शिकार की क्षमता अब खत्म हो रही है. इसका कारण है कि इन्हें यहां पर तैयार खुराक परोसी जा रही है. सरकार ने सर्कस तो बंद करवा दिए हैं, लेकिन यहां VIP सिंह दर्शन का ‘सर्कस’ बदस्तूर जारी है. इस रूट के ज्यादातर शेरों की हालत पालतू जानवरों के जैसी है. ये भरपूर खुराक पाकर आराम से घूमते रहते हैं.
उड़ीसा काडर के एक फॉरेस्ट ऑफिसर सुशांत नंदा का भी कहना है कि इस पूरी लड़ाई में कुत्ते की शायद ही कोई दूसरी ब्रीड होगी, जो शेर से मुकाबला कर सके.