The Lallantop

राजस्थान चुनाव पर बड़ा सर्वे, क्या अशोक गहलोत सीएम नहीं रहेंगे?

बीजेपी वोट शेयर में कांग्रेस से 5 फीसदी आगे रह सकती है.

Advertisement
post-main-image
सर्वे के मुताबिक बीजेपी को 46 फीसदी वोट शेयर मिलने की उम्मीद है. वहीं, कांग्रेस को 41 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है. (फोटो- PTI)

इस साल के अंत में राजस्थान में विधानसभा चुनाव होने हैं. जनादेश आने में अब सिर्फ कुछ महीनों का वक्त रह गया है. ऐसे में प्रदेश में चुनावी बिसात बिछने लगी है. सीएम अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार जनता के लिए नई स्कीमें ला रही है. वहीं BJP अलग-अलग मुद्दों पर उसे घेरने में लगी है. यानी चुनाव का माहौल बनना शुरू हो चुका है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

राजस्थान में किसकी सरकार बनेगी, इसका अनुमान लगाने के लिए पहला ओपीनियन पोल आ गया है. एबीपी-सीवोटर का सर्वे सामने आया है. इसमें लोगों की राय के आधार पर बताया गया है कि राजस्थान में किसकी सरकार बनने जा रही है, लोग नेता के तौर पर किसे पसंद कर रहे हैं, जनता का असल मूड क्या है, वगैरा-वगैरा.

कौन कितनी सीट जीतेगा?

एबीपी-सीवोटर द्वारा हाल में किए गए सर्वे के मुताबिक राज्य में पांच साल के बाद फिर से BJP के लौटने की उम्मीद है. सर्वे के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में BJP 109 से 119 सीटें जीत सकती है. राज्य में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं. बहुमत का आंकड़ा 101 सीट का है. सर्वे में BJP बहुमत के आंकड़े को पार करती दिख रही है.

Advertisement

यानी कांग्रेस पार्टी को प्रदेश की सत्ता से हाथ धोना पड़ सकता है. सर्वे के मुताबिक अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली पार्टी को 78 से 88 सीटें मिलने की उम्मीद है. वहीं निर्दलीय और अन्य पार्टियों को 1 से 5 सीट मिलने का अनुमान है.

वोट शेयर का क्या हाल रहेगा?

BJP को कुल वोट के शेयर में भी फायदा होता दिख रहा है. सर्वे के मुताबिक BJP को 46 फीसदी वोट शेयर मिलने की उम्मीद है. वहीं, कांग्रेस को 41 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है. माने BJP वोट शेयर में 5 फीसदी वोट से आगे रह सकती है.

साल 2018 के विधानसभा चुनाव में BJP को कुल 73 सीटें मिली थीं. वहीं कांग्रेस ने 100 सीटों पर जीत हासिल की थी. पिछले चुनाव में दोनों पार्टियों के वोट शेयर में एक फीसदी से भी कम का फर्क था.

Advertisement
गहलोत सरकार से कितने लोग खुश-नाखुश?

एबीपी-सीवोटर द्वारा किए गए सर्वे में 39 फीसदी लोग ऐसे हैं जो गहलोत सरकार के कार्यकाल से खुश हैं. वहीं 36 फीसदी लोग कुछ हद तक सरकार के कामों से खुश हैं. प्रदेश की 24 फीसदी जनता गहलोत सरकार द्वारा किए गए कामों से नाखुश है.

सीएम अशोक गहलोत और पीएम मोदी से कितने लोग खुश?

राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सर्वे में पता चला है कि राज्य के 41 फीसदी लोग सीएम गहलोत से संतुष्ट हैं. वहीं 21 फीसदी लोग गहलोत से नाखुश हैं. राज्य के 35 फीसदी लोग कुछ हद तक गहलोत के काम से खुश हैं. बात पीएम मोदी की करें तो राज्य के 55 फीसदी लोग प्रधानमंत्री मोदी के काम से संतुष्ट हैं. 17 फीसदी लोग पीएम के काम से संतुष्ट नहीं हैं.

सर्वे के मुताबिक पूर्व सीएम और बीजेपी नेता वसुंधरा राजे से राज्य के 26 फीसदी लोग संतुष्ट हैं. तो 39 फीसदी लोग उनसे असंतुष्ट हैं.

वीडियो: अजीत पवार उप मुख्यमंत्री बने तो महाराष्ट्र सरकार क्यों टेंशन में आ गई?

Advertisement