वीर दास ने पूर्व राष्ट्रपति कलाम पर जोक किया, और इसके बाद कलाम ने जो किया वो आपका दिल जीत लेगा. फोटो - यूट्यूब
कॉमेडियन और एक्टर वीर दास अपने एक जोक की वजह से मुसीबत में पड़ने वाले थे. ये वाकया उन्होंने खुद शेयर किया है. दरअसल, वीर दास कनेडियन यूट्यूबर और एक्ट्रेस लिली सिंह के शो ‘अ लिटिल लेट विद लिली सिंह’ के नए एपिसोड पर बतौर गेस्ट गए थे. इस दौरान उन्होंने ये किस्सा बताया. लिली ने पूछा कि इंडिया में सेंसरशिप एक मसला है और एक कॉमेडियन के तौर पर 'क्या तुमने अपने किसी जोक के लिए कोई एग्जिट प्लान रेडी किया है?' इस पर वीर दास ने जवाब दिया,
"मुझे अक्सर ऐसा लगता है कि जिनके बारे में आप जोक कर रहे हैं, उन्हें कभी इसका बुरा नहीं लगता. जोक पर बुरा मानने वाले वो लोग होते हैं जिनका उस इंसान से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं होता."
आगे वीर ने बताया कि एक बार वो दिल्ली में शो कर रहे थे. वहां पर उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम पर एक जोक किया. शो का फर्स्ट हाफ खत्म हुआ. वीर से बैकस्टेज मिलने एक आदमी आया. चिल्लाने लगा कि पूर्व राष्ट्रपति के बारे में ऐसे बात नहीं कर सकते. जवाब में वीर ने कहा,
'बिल्कुल कर सकता हूं. अगर आपको जोक पसंद नहीं आया, तो आपके पैसे रिफंड भी कर दूंगा.'
फिर शो का सेकेंड हाफ शुरू हुआ. अचानक एक-एक कर पुलिसवाले अंदर आने लगे. 8-10 नहीं, बल्कि 45 पुलिसवाले पहुंच गए. शो खत्म हुआ. पुलिसवाले बैकस्टेज आए. दास पूछा कि क्या उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति पर क्या जोक किया. वीर ने जोक बता दिया. पुलिसवाले हंसे और तारीफ करके चले गए. इस किस्से के 2 साल बाद वीर ने एक कॉन्फ्रेंस अटेंड की. पूर्व राष्ट्रपति कलाम भी वहां मौजूद थे. कॉन्फ्रेंस खत्म होने के बाद वे वीर दास से आकर मिले. हाथ मिलाया, गले लगाया और धीरे से कान में कहा- वैसे मैने उस जोक के बारे में सुना, और मुझे वो काफी अच्छा लगा.
बता दें कि वीर दास ने एक अन्य कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी का सपोर्ट किया है, जिन्हें इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार किया गया था. मुनव्वर पर आरोप था कि उन्होंने हिंदू धर्म की भावनाओं को आहत करते हुए कुछ जोक किए थे. हालांकि, पुलिस का कहना था कि उसे ऐसे किसी जोक का कोई वीडियो नहीं मिला.