The Lallantop

5000 लोग शिफ्ट किए गए, बिजली-LPG सप्लाई बंद, कुछ ही देर में ढह जाएगा ट्विन टावर

नोएडा में आसपास की सोसायटी खाली कराई गईं. नो फ्लाइंग जोन का ऐलान. ट्रैफिक रूट डायवर्ट किए गए हैं.

Advertisement
post-main-image
ट्विन टावर गिराने के पहले के इंतजाम (फोटो: पीटीआई)

नोएडा (Noida) के सुपरटेक एमराल्ड (Supertech Emerald) के 'ट्विन टावर' (Twin Tower) आज, 28 अगस्त की दोपहर 2:30 बजे गिरा दिए जाएंगे. लगभग 100 मीटर की ऊंचाई वाले दोनों टावर को गिराने में सिर्फ 9 सेकेंड का वक्त लगेगा. टावर को जमींदोज करने से पहले काफी तैयारियां की गई हैं. पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. एक्स्प्लोजन जोन यानी धमाके वाली जगह के आसपास की सोसायटी खाली करा ली गई हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
टावर गिराने के पहले क्या तैयारियां की गई हैं-

- ट्विन टावर के पास की दो हाउसिंग सोसायटी एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज को खाली कराया गया है. यहां के करीब 5,000 लोगों को सेक्टर 93 में पार्श्वनाथ प्रेस्टीज रेजिडेंशियल कॉम्लेक्स में रखा गया है. सोसाइटी के लोगों के अलावा उनके पालतू जानवरों और वाहनों को भी हटाया गया है.

- ट्विन टावर के पास की 2 सोसायटी में रसोई गैस और बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई है.

Advertisement

- नोएडा प्राधिकरण के मुताबिक डिमोलिशन के बाद आसपास के इलाके में धूल और कंक्रीट से निपटने के लिए पानी के 100 टैंकर तैनात किए गए हैं. 15 एंटी स्मॉग गन, 6 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीन, लगभग 200 सफाई कर्मी और 20 ट्रैक्टर ट्रॉली लगाई गई है.

Dust Machine
प्रदूषण के स्तर पर निगरानी के लिए स्पेशल डस्ट मशीन (फोटो: एएनआई)

- ट्विन टावरों के गिराए जाने के बाद आसपास के इलाकों में होने वाले वायु प्रदूषण को लेकर उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 6 जगहों पर मैनुअल एम्बियंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित किए हैं. इनके जरिए एयर क्वालिटी पर निगरानी रखी जाएगी. 

- आसपास के इलाके के लोगों को कुछ घंटो तक मास्क पहनने की अपील की गई है. गाइडलाइन के मुताबिक पार्श्वनाथ प्रेस्टीज एवं पार्श्वनाथ सृष्टि सोसायटी, गेझा गांव, सेक्टर-92, 93, 93ए, 93बी इलाके में रहने वाले बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी वाले मरीजों को एहतियात के तौर पर मास्क पहनने को कहा गया है.

Advertisement

- एक्स्प्लोजन जोन में 560 पुलिस कर्मी, रिजर्व फोर्स के 100 जवान और 4 क्विक रिस्पॉन्स टीम सहित एनडीआरएफ की टीम तैनात है.

Noida twin towers demolition preparation
नोएडा के ट्विन टावर्स को गिराने की तैयारी पूरी 
(फोटो: पीटीआई)

- डिमॉलिशन को लेकर नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन का प्लान पहले ही जारी कर दिया था. कई रास्तों को रविवार की सुबह 7 बजे से स्थिति सामान्य होने तक बंद कर दिया गया है. विस्फोट से ठीक पहले दोपहर 2.15 बजे एक्सप्रेस-वे को बंद किया जाएगा. आधे घंटे बीतने और धूल हटने के बाद इसे खोला जाएगा. 

- ट्विन टावर के आसपास एक नॉटिकल मील का वायु मार्ग प्रतिबंधित रहेगा. ट्विन टावर गिराने के दौरान एक नॉटिकल मील (1,852 मीटर) के एयरस्पेस में वायुयान, हैलीकॉप्टर या कोई भी विमान उड़ाने की मनाही है.

वीडियो- श्रीकांत त्यागी के कथित अवैध निर्माण पर नोएडा अथॉरिटी ने बुलडोजर चलवा दिया

Advertisement