The Lallantop

ये 4 सवाल-जवाब दूर कर देंगे जियो पर सारा कंफ्यूजन!

पढ़ो और ज्ञान बांचना शुरु करो.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
मार्केट गरमाया हुआ है. एक तो दीवाली शॉपिंग और दूसरा रिलायंस के जियो सिम से. 'पहले इस्तेमाल करें फिर विश्वास करें' वाले स्लोगन पर जियो सिम फेल हो चुका है, पर न जाने उसमें ऐसी क्या बात है कि लोग अभी भी उससे चिपके पड़े हैं. न तो इंटरनेट की स्पीड 4G है और न ही फ्री कॉल. कॉल फ्री तब हो न, जब कॉल लगे. मिलाते रह जाओ पर ससुरा जियो, लग नहीं सकता. हाल ही में खबर आई कि जियो सिम पर फ्री कॉलिंग दिसंबर में बंद होने वाली है. आप तो जानते ही हैं कि आग बस लगने भर की देर होती है. उसका धुंआ अपने होने की बात सबको बता देता है. जियो के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. पर आप टेंशनियाइए नहीं. ये चार सवाल-जवाब पढ़ लीजिए, सारा कंफ्यूजन यूं-यूं कर के दफा हो जाएगा. 1. जियो सिम पर जिंदगी भर के लिए फ्री कॉलिंग रहेगी? हां भाई. रिलायंस ने इसकी पुष्टि की है. कंपनी कभी भी अपने नेटवर्क पर कॉल के लिए यूजर्स से कभी भी पैसे चार्ज नहीं करेगी. टेलीकॉम रेग्युलेटर TRAI के नियम-कायदों वाले जिस फॉर्म को जियो ने भरा है, वो साफ-साफ बताता है कि कॉल के लिए कस्टमर्स से पैसे नहीं लिए जाएंगे. जियो ने अपने 10 प्रीपेड और 7 पोस्टपेड टेरिफ प्लान पर फ्री कॉल की सुविधा ट्राई से ली है. कॉल पर जिरो टेरिफ कस्टमर्स को लुभाने के लिए अपनाया गया हथकंडा नहीं है. इसके होने न होने से फ्री कॉलिंग पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा. 2. ट्राई ने फिर क्यों कहा कि फ्री कॉल्स 3 दिसंबर के बाद बंद हो जाएंगी? ट्राई के जो टाई-सूट वाले अफसर हैं न, उनको लगा कि रिलांयस फ्री कॉलिंग की सर्विस देकर यूजर्स को अट्रैक्ट कर रहा है और अपना माल बेच रहा है. इसलिए ऐसा कहा. बता दें कि ट्राई को जो नियम वाला पोथी-पत्रा है न, उसमें किसी भी तरह का प्रमोशनल ऑफर 90 दिन से ज्यादा के लिए मान्य नहीं है. जियो के केस में से 3 दिसंबर को खत्म हो रहा है. ट्राई के अफसरों के मुताबिक, जियो का कॉलिंग का जो बेस टेरिफ प्लान है, उसमें कही भी ये नहीं लिखा है कि कॉल जिंदगी भर के लिए फ्री रहेगी, लेकिन जियो कहता है कि उसने सारे प्लान के लिए फ्री कॉलिंग का ऑप्शन भर रखा है. 3. जियो ने कॉल के लिए 2 पैसे पर सेकेंड वाला टेरिफ प्लान ट्राई को क्यों दिया फिर? जियो कहता है कि ट्राई के नियमों के अनुसार सभी ऑपरेटर्स को एक बेसिक टेरिफ प्लान जमा करना होता है. हालांकि, कंपनी ने 10 प्रीपेड और 7 पोस्टपेड प्लान के अलावा भी कई और प्लान पैकेज यूजर्स को दिए हैं, जिन्हें ट्राई से हरी झंडी मिली है. और हां, इसमें लोकल और STD दोनों कॉल्स फ्री है. रोमिंग में भी. 4. 3 दिसंबर और 31 दिसंबर को क्या खत्म होगा? इस सवाल के जवाब में ट्राई ने कहा है कि जियो का जो वेलकम ऑफर(JWO) है, जो फ्री डाटा डाउनलोड का ऑप्शन देता है, वो 3 दिसंबर तक रहेगा. माने उसके बाद इंटरनेट के चार्जेस लगेंगे, लेकिन JWO के तहत ही फ्री अनलिमिटेड डाटा वाला ऑप्शन चालू रहेगा. वो भी 31 दिसंबर तक.
ये भी पढ़िए... जियो के चक्कर में एयरटेल, आइडिया और वोडा को 3 हजार करोड़ रुपये की चपत जियो पर जिंदगी भर फ्री कॉलिंग का रास्ता साफ बंद हो रहा है जियो 4G का ऑफर, लेकिन इसका मतलब क्या है जियो सिम फोन में काम नहीं कर रहा है? आओ इलाज बताएं  

Advertisement
Advertisement