गुजरात हाईकोर्ट में सुनवाई का एक वीडियो वायरल है. दो जजों की पीठ सुनवाई कर रही थी. जजों के बीच असहमति थी, जो इतनी बढ़ी, कि सीनियर जज बीच कार्यवाही सुनवाई छोड़कर अपनी सीट से उठकर चले गए. सुनवाई लाइव स्ट्रीम हो रही थी, सो इसकी क्लिप सोशल मीडिया पर घूमने लगी. ये वाकया सोमवार, 23 अक्टूबर का है.
बीच सुनवाई हाईकोर्ट जजों में मतभेद हुआ तो जज साहब उठकर चले गए
इस बहस के तुरंत बाद गुजरात हाईकोर्ट के यूट्यूब चैनल से लाइव स्ट्रीम का वीडियो हटा लिया.


पीठ में जस्टिस बीरेन वैष्णव और मौना भट्ट सुनवाई कर रहे थे. जस्टिस भट्ट, जस्टिस वैष्णव की बात से कुछ और राय रखती थीं. इस पर जस्टिस वैष्णव ने कहा,
"तब आपकी राय अलग हुई.''
इसके बाद धीमी आवाज़ में जज साहिबान और कोर्ट स्टाफ के बीच कुछ बात हुई, जो स्पष्ट सुनाई नहीं आती.
जस्टिस वैष्णव ने फिर कुछ उत्तेजित होकर कहा,
‘’आप पहले भी एक मामले में अलग राय रख चुकी हैं. यहां भी रख सकती हैं''
इस पर जस्टिस भट्ट ने जवाब देते हुए कहा,
"यहां अलग राय की बात नहीं है…"
इस वाक्य को काटते हुए जस्टिस वैष्णव ने कहा,
"फिर एक अलग आदेश पारित करें. फुसफुसाएं नहीं."
इसके बाद जस्टिस वैष्णव उठे और यह कहते हुए चेंबर से चले गए कि बेंच आज दूसरा कोई मामला नहीं सुनेगी.
गुजरात हाईकोर्ट का यूट्यूब चैनल सभी बेंच की सुनवाई लाइवस्ट्रीम करता है. इस बहस के तुरंत बाद, जस्टिस बीरेन वैष्णव और जस्टिस मोना भट्ट की बेंच की सुनवाई वाले वीडियो को गुजरात हाईकोर्ट ने अपने यूट्यूब चैनल से हटा दिया.
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक़ 25 अक्टूबर की सुनवाई के लिए जस्टिस वैष्णव अब जस्टिस भट्ट के साथ नहीं बैठेंगे. उनकी बजाय जस्टिस भार्गव कारिया सुनवाई करेंगे. हालांकि, बेंच में इस बदलाव को लेकर हाई कोर्ट की वेबसाइट पर कोई नोटिफिकेशन नहीं है.
ये भी पढ़ें: सुप्रीम कोर्ट में डार्विन और आइंस्टीन के सिद्धांत को चुनौती दी, जज ने दौड़ा दिया!


















