1.वेल्लोर की घटना
वेल्लोर में एक दलित आदमी को पेड़ से बांधकर घंटों पीटा गया है. वजह वही है जो अक्सर होती है. उसे 'ऊंची जाति' की लड़की से प्रेम था. न्यू इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक पी राजशेखर और हेमा एक साथ कॉलेज में पढ़ते थे. उसी दौरान दोनों को प्यार हुआ. मगर कॉलेज के बाद राज की नौकरी लग गई और वो बेंगलुरु चला गया. बीच में जब व घर आया तो हेमा से मिलने का प्लान बनाया. एक कॉलेज ट्रिप पर शहर के अंदर ही घूम रही हेमा से वो मिला. फिर बाइक पर उसको उसके घर छोड़ने गया. घर के पास हेमा के पिता ने उन्हें देख लिया. जिसके बाद राजशेखर को पेड़ से बांधकर घंटों तक पीटा गया. ये वही इंडिया है न जो इतना आगे निकल गया है कि डिजिटल होने वाला है?
2. ओडिशा की घटना
ओडिशा में दो लड़कों ने मिलकर एक 15 साल की लड़की को जिंदा जला कर मारने की कोशिश की. लड़की का शरीर 80 फीसदी जल गया है. अमर उजाला के मुताबिक साक्षी दसवीं की स्टूडेंट है. स्कूल के बाद अपने घर लौट रही थी. तभी दो लड़के मिले और भद्दे कमेंट पास करने लगे. साक्षी ने पलटकर विरोध किया तो दोनों के ईगो को चोट पहुंच गई. उन्होंने साक्षी को जला डाला. उन दोनों लड़कों में से एक नाबालिग था.
3. कोलकाता की घटना
लक्ष्मी एक रेलवे अधिकारी की पत्नी और एक बच्ची की मां थी. कुछ दिनों पहले उसे अपने ब्रेस्ट में सूजन और दर्द हुआ. जांच में ब्रेस्ट कैंसर का खतरा निकला तो वो घबरा गई. भविष्य के बारे में सोचकर डिप्रेस रहने लगी. घबराहट में अपनी बच्ची को तालाब में फेंक दिया. घटना कोलकाता की है. बच्ची के बारे में जब लोग उससे पूछते, वो कुछ न कहती. डिप्रेशन बढ़ता गया और एक वो ट्रेन के आगे कूद गई. लक्ष्मी को ये स्वेलिंग और दिक्कत 3 साल से थी. अगर हम अपनी पत्नियों, बहू-बेटियों की तकलीफें समझकर उन्हें मानसिक रूप से सहारा दें, तो शायद ऐसी नौबत कभी न आए. लेकिन औरतों की सेहत पर ध्यान देता ही कौन है? वो भी दिमागी सेहत पर?