पुणे की तरह नोएडा में भी हिट एंड रन का एक मामला सामने आया है. यहां 26 मई की सुबह एक तेज रफ्तार ऑडी ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी. जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. यह मामला नोएडा के सेक्टर 24 के कंचनजंगा अपार्टमेंट के पास का है.
यूपी: ऑडी ने बुजुर्ग को मारी सामने से टक्कर, मौके पर ही मौत, हादसे का VIDEO आया
नोएडा में 26 मई की सुबह एक तेज रफ्तार ऑडी ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी. जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बुजुर्ग कई फीट हवा में उछल गए. पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 26 मई की सुबह करीब 6 बजे जनकदेव शाह, कंचनजंगा अपार्टमेंट के पास से गुजर रहे थे. तभी सामने से एक सफेद रंग की तेज रफ्तार ऑडी आई और बुजुर्ग को टक्कर मार दी. टक्कर लगने से शाह कई फीट ऊपर हवा में उछल गए और फिर जमीन पर गिर पड़े. जिसकी वजह से मौके पर ही उनकी मौत हो गई. ये पूरी घटना पास लगे CCTV में रिकॉर्ड हो गई.
घटना के बाद बुजुर्ग के परिजन सेक्टर 24 के पुलिस थाने पहुंचे और हादसे की शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. अब तक गाड़ी की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस CCTV फुटेज की मदद से गाड़ी की पहचान करने में जुटी है.
मीडिया से बातचीत में नोएडा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया,
ऑडी चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है.
ये भी पढ़ें - पुणे पोर्श एक्सीडेंट: ड्राइवर को धमकाने वाले दादा ने ही गिफ्ट की थी नाबालिग को कार, दोस्त ने खोले 'राज'
यह घटना पुणे दुर्घटना पर मचे बवाल के बीच हुई, जहां एक नाबालिग पर अपनी तेज रफ्तार पोर्श कार से एक दोपहिया वाहन को टक्कर मारने का आरोप है. यह घटना 18 मई को पुणे के कल्याणी नगर इलाके में हुई. हादसे में बाइक सवार अनीष अवधिया और अश्विनी कोस्टा, दोनों लोगों की मौत हो गई थी. घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कोर्ट में पेश किया.
कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ नाबालिग को जमानत दे दी, लेकिन इन शर्तों को लेकर एक नई बहस शुरु हो गई. लोग जमानत देने पर सवाल उठाने लगे तो पुलिस ने फिर से मामला दर्ज किया.
वीडियो: सोशल लिस्ट: पुणे पोर्श कार एक्सीडेंट के बाद नहीं सुधरे लोग, नोएडा में कार से स्टंट कर रील बनाई










