स्टेज पर चढ़कर नाचते हुए पिस्तौल लहराने की खबर पर यूपी पुलिस की खूब छीछालेदर हुई थी.
पुलिस. वो विभाग जिसमें काम करने वालों को तनख्वाह आठ घंटे की मिलती है, लेकिन उम्मीद उनसे 24 घंटे मुस्तैदी की होती है. जान जाने का खतरा अलग. इसलिए जब भी वर्दी में पुलिस ड्यूटी के अलावा कुछ भी करती दिखती है, सवाल किए जाते हैं. 21 जनवरी को एक ऐसा ही वाकया सामने आया. एक समाचार एजेंसी ने एक वीडियो जारी किया जिसमें एक पुलिस वाला और एक फौजी स्टेज पर चढ़कर नाचते दिखाई दे रहे थे. गाना बज रहा था -
'बने चाहे दुश्मन ज़माना हमारा, सलामत रहे दोस्ताना हमारा...' यहां तक सब ठीक था. लेकिन फिर पुलिस वाले ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकाल ली और हवा में लहराने लगा. कहा गया कि ये शख्स लखनऊ के सरोजिनी नगर में तैनात सब इंस्पेक्टर रवि कुमार हैं. ये वीडियो नेट पर अपलोड होने के बाद से खूब देखा गया. आप भी देख लें-
वीडियो वायरल हो गया और सवाल किए जाने लगे कि अपराधियों पर कार्रवाई करने की जगह यूपी पुलिस के अधिकारी पूरी वर्दी में स्टेज पर चढ़कर नाच क्यों रहे हैं? ज़्यादा नाराज़गी सर्विस रिवॉल्वर लहराने पर थी, क्योंकि नाच के दौरान गलती से रिवॉल्वर चल जाने पर लोगों ने अपनी जान खोई है. लेकिन ये दावा गलत था.
क्योंकि स्टेज पर नाच रहा आदमी पुलिस वाला था ही नहीं.
इस फोटो और स्टोरी के वायरल हो जाने के बाद समाचार एजेंसी ने 22 जनवरी को एक और ट्वीट किया जिसमें साफ किया गया कि वीडियो में नाच रहा आदमी पुलिस वाला नहीं था.

इसके बाद समाचार एजेंसी के हवाले से जिस-जिस साइट पर खबर हुई थी, उन्होंने भी अपनी खबरों में परिवर्तन किया. हां, यूपी पुलिस थोड़ी नाराज़ ज़रूरी हुई कि बिना बात उनकी मौज ले ली गई.
ये भी पढ़ेंः अमित शाह शक्ति पीठ में जूते के साथ, सिक्योरिटी नंगे पांव!
धोनी के खिलाफ ट्वीट कर ट्रोल हुए हर्ष गोयनका ने एक बार फिर वैसा ही कुछ किया है