The Lallantop

गाड़ी चोरी हुई, पुलिस बोली ढूंढने का टाइम नहीं, कार मालिक ने खुद जांच की और वापस ले आया

कार मालिक और उनकी पत्नी ने खुद कार की लोकेशन ट्रैक की, पुलिस को इन्फॉर्म किया. लेकिन पुलिस ने कहा कि हमारे पास टाइम नहीं है. इसलिए हम जांच नहीं कर सकते.

Advertisement
post-main-image
जब दंपति ने गाड़ी चोरी की शिकायत की पुलिस ने कहा कि उनके पास जांच के लिए टाइम नहीं है. (सांकेतिक तस्वीर)

इंग्लैंड में एक दंपति ने गजब कारनामा किया है. कुछ दिनों पहले इस दंपति की गाड़ी चोरी हो गई थी. शिकायत की, लेकिन पुलिस ने फुर्ती नहीं दिखाई. परेशान होकर दंपति ने खुद ही अपनी कार ढूंढ निकाली. ढूंढी तो ढूंढी, उसे चोर के पास से चोरी करके उठा भी लाए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

द टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दंपति मिआ फोर्ब्स पिरी और मार्क सिम्पसन की जैगुआर ई-पेस इसी महीने की शुरुआत में चोरी हो गई थी. दंपति ने गाड़ी में एक टेक्निक लगाई थी, जो कार को चोरी होने से बचाती है. इसका नाम है घोस्ट इममोबिलाइजर (Ghost immobiliser) इसकी वजह से गाड़ी को शुरू करने में बहुत मुश्किल होती है. गाड़ी में एयरटैग लोकेटर भी लगा था.

दंपति ने ट्रैक करके गाड़ी की लोकेशन भी पता कर ली. पुलिस को बताया. सामान्य स्थिति में पुलिस तत्परता दिखाकर गाड़ी जाकर ढूंढ लाती है. लेकिन, यहां पुलिस ने कहा कि भाई हमारे पास जांच के लिए टाइम नहीं है. रिपोर्ट के मुताबिक दंपति ने जब 999 पर फोन कर जानकारी दी. इस पर पुलिस ने कथित तौर पर कहा कि हमें नहीं लगता हम जांच कर पाएंगे.

Advertisement

गाड़ी चोरी के बारे में पहली बार 4 जून पता चला था. 4 तारीख की सुबह एयरटैग ने सुबह 3:20 बजे कार का लोकेशन घर के बाहर का दिखाया. कुछ देर बाद सुबह साढ़े दस बजे कार की लोकेशन चिजिक इलाके में दिखाई दी. पुलिस से शिकायत की तो उसने भाव नहीं दिया. इसके बाद दंपति खुद ही लोकेशन देखते हुए गाड़ी के पास पहुंच गए. दंपति को अपनी गाड़ी एक सुनसान गली में खड़ी मिली. चोरों ने गाड़ी का इंटीरियर बुरी तरह तहस नहस कर दिया था. ऐसा लग रहा था चोर वायरिंग से छेड़छाड़ कर रहे थे, ताकि उसे स्टार्ट किया जा सके.

पिरी ने एक लिंक्डिइन पोस्ट पर लिखा-

‘अपनी ही चोरी हुई कार वापस चुराना मजेदार काम था. लेकिन मैं सोच रहा हूं क्या हमें ये करने की नौबत आनी चाहिए थी? बात ये नहीं है कि ये सामान्य चीज है या नहीं. सवाल ये है कि पुलिस ने जांच करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई, क्या ऐसा होना चाहिए? पुलिस चाहती तो बहुत आराम से गाड़ी जाकर लेकर आ सकती थी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. चोर को अगर सजा नहीं मिलेगी तो वो ऐसे ही गाड़ी चुराएगा?’

Advertisement

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक जब दंपति अपनी गाड़ी वापस लेकर आ गए, तब पुलिस ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस सप्ताह फारेंसिक टीम जांच के लिए उनके पास पहुंचेगी. पिरी ने द टाइम्स को बताया, ‘जब से हम गाड़ी लेकर आए हैं, बहुत सारे लोग उस गाड़ी को छू चुके हैं. पुलिस ने कहा है कि हम गाड़ी में कारपेट हटाकर देखेंगे. कुछ फिंगरप्रिंट मिलते हैं तो उस पर कार्रवाई की जाएगी.’

वीडियो: चोरी के मामले में आरोपी की जगह जज को अरेस्ट करने पहुंची यूपी पुलिस, बात IG तक पहुंच गई

Advertisement