The Lallantop

'पोर्न' बनाओ और पैसा... रूस से लड़ने को यूक्रेन ये सब भी करने की सोचने लगा

रूस से जंग के बीच यूक्रेन सरकार का मकसद इस एडल्ट इंडस्ट्री से पैसा लेकर जंग के लिए फंड जुटाना है. अनुमान है कि इस कदम से इतना रेवेन्यू मिल सकता है कि उससे करीब 30,000 ड्रोन खरीदे जा सकें. किससे-कितना पैसा लिया जाएगा, सब जानिए.

Advertisement
post-main-image
यूक्रेन पोर्नोग्राफी इंडस्ट्री को कानूनी मान्यता देने पर विचार कर रहा है. (सांकेतिक फोटो: इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • यूक्रेनी संसद में पोर्नोग्राफी को कानूनी मान्यता देने का बिल पारित किया गया है जिससे सरकार इस इंडस्ट्री से टैक्स वसूल कर रक्षा उपकरणों की खरीद में इस्तेमाल कर सकेगी।
  • यूक्रेन में पोर्नोग्राफी अवैध है लेकिन भ्रष्ट पुलिस की मदद से यह उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और इससे जुड़ी कमाई बड़ी संख्या में हो रही है, जिसके कारण कानूनी मान्यता का प्रस्ताव आया है।
  • इस नए कानून के लागू होने पर सरकार को सालाना लगभग 25 मिलियन डॉलर टैक्स के रूप में मिलने की उम्मीद है, जिससे वह अतिरिक्त हथियारों और ड्रोन खरीदकर युद्ध के संचालन को समर्थन दे सकेगी।

रूस के खिलाफ जंग के बीच यूक्रेन ने बड़ा दांव चला है. वह अपने देश में गैर-कानूनी तरीके से चल रही पोर्नोग्राफी इंडस्ट्री को कानूनी मान्यता देने पर विचार कर रहा है. इसके लिए यूक्रेनी संसद में एक नया बिल भी पेश किया गया है. सरकार का मकसद इस एडल्ट इंडस्ट्री पर टैक्स लगाकर जंग के लिए फंड जुटाना है. अनुमान है कि इस कदम से इतना रेवेन्यू मिल सकता है कि उससे करीब 30,000 ड्रोन खरीदे जा सकें.

Advertisement
करीब 200 करोड़ रुपये की कमाई

द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन में पोर्नोग्राफी को कानूनी रूप देने की प्रक्रिया आगे बढ़ चुकी है. इसके तहत संसद में इसके बिल को शुरुआती मंजूरी मिल गई है और अब अंतिम फैसले का इंतजार है. 

इस कानून को बनाने में मदद करने वाले यूक्रेनी सांसद और संसद की फाइनेंस कमिटी के चेयरमैन यारोस्लाव जेलेज्नियाक का मानना है कि इस इंडस्ट्री को लीगल करने के बाद जब सरकार इस पर टैक्स लगाएगी, तो देश को हर साल लगभग 25 मिलियन डॉलर (करीब 200 करोड़ रुपये से ज्यादा) की कमाई होगी. इससे करीब 30,000 ड्रोन खरीदे जा सकते हैं.

Advertisement

कीव का अनुमान है कि उसे रक्षा के लिए हर साल लगभग 120 अरब डॉलर की जरूरत है. हालांकि, कानून बनाने वाले सांसदों का कहना है कि टैक्स से मिलने वाली थोड़ी अतिरिक्त रकम भी जरूरी हथियारों को खरीदने में मदद कर सकती है.

यूक्रेन में पोर्नोग्राफी अवैध

यूक्रेन में पोर्न बनाना, अपने पास रखना या उसे किसी को भेजना अभी गैर-कानूनी है. इसके लिए सात साल तक की जेल हो सकती है. फिर भी भ्रष्ट पुलिस की मदद से एडल्ट कंटेंट इंडस्ट्री लगातार बढ़ रही है. WSJ के डेटा से पता चला है कि 2023 में लगभग 7,900 यूक्रेनियन लोगों ने OnlyFans के जरिए 131 मिलियन डॉलर (करीब 1,200 करोड़ रुपये) से ज्यादा कमाए.

ये भी पढ़ें: रूस ने यूक्रेन पर दागीं आठ बैलिस्टिक मिसाइलें, सुबह-सुबह अटैक से थर्राया कीव

Advertisement
रिश्वत लेने का आरोप

अपनी कमाई की जानकारी देने वाले कुछ क्रिएटर को बाद में टैक्स से जुड़े मुद्दों और पोर्नोग्राफी कानूनों के कथित उल्लंघन की वजह से जांच का सामना करना पड़ा. इस स्थिति ने भ्रष्टाचार को लेकर भी चिंताएं बढ़ा दी हैं. WSJ ने ऐसे मामलों की दर्ज किया है जिनमें यूक्रेनी अधिकारियों पर एडल्ट-कंटेंट के कारोबार से जुड़े लोगों से रिश्वत लेने का आरोप लगा है. 

इसे कानूनी मान्यता देने के समर्थकों का कहना है कि इस इंडस्ट्री को कानून के दायरे में लाने से सरकार टैक्स वसूल सकेगी, भ्रष्टाचार के मौके कम होंगे और रूस के खिलाफ जंग लड़ने के लिए फंड जुटाने में मदद मिलेगी. 

वीडियो: दुनियादारी: यूक्रेन से जंग लड़ रहे रूस ने जापान को खुली चुनौती दे दी

Advertisement