The Lallantop

एलन मस्क ने डील तोड़ने का ऐलान किया, ट्विटर बोला- कोर्ट में मिलो

ट्विटर और मस्क के बीच हुए कॉन्ट्रैक्ट में एक ब्रेकअप शर्त भी है. डील टूटने की स्थिति में एक अरब डॉलर अदा करने की बात हुई थी.

Advertisement
post-main-image
Elon Musk ने Twitter Deal से हाथ खीचने का ऐलान किया है. (फाइल फोटो)

सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर (Twitter) की तरफ से कहा गया है कि वो एलन मस्क (Elon Musk) के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट को पूरा करने के लिए कोर्ट जाएगी. कंपनी की तरफ से ये घोषणा तब की गई है, जब बीती 8 जुलाई को एलन मस्क ने 44 अरब डॉलर की ट्विटर डील को खत्म करने का ऐलान किया. मस्क ने आरोप लगाया कि ट्विटर की तरफ से कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों को कई बार तोड़ा गया, जिसकी वजह से उन्होंने ये ऐलान किया है.

Advertisement

दरअसल, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क और ट्विटर के बीच बीते अप्रैल से ही कंपनी को खरीदने को लेकर बातचीत चल रही है. इस संबंध में एक कॉन्ट्रैक्ट भी हुआ. अब एलन मस्क ने आरोप लगाया है कि ट्विटर ने उन्हें फर्जी अकाउंट्स के बारे में पर्याप्त जानकारी नहीं दी है.

एक अरब डॉलर की ब्रेकअप रकम

ट्विटर और मस्क के बीच हुए कॉन्ट्रैक्ट में एक ब्रेकअप शर्त भी है. डील टूटने की स्थिति में एक अरब डॉलर अदा करने की बात हुई थी. ये रकम उसको देनी होगी, जो ये सौदा तोड़ेगा. इधर ट्विटर के चेयरमैन ब्रेट टेलर ने एक ट्वीट में कहा,

Advertisement

"मिस्टर मस्क के साथ जो कीमत और शर्त तय हुई थी, ट्विटर बोर्ड उस लेन-देन को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है."

फिलहाल ट्विटर और एलन मस्क के रुख को देखते हुए कहा जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच एक लंबी कानूनी लड़ाई चल सकती है. इधर इस पूरी उथल-पुथल के बीच ट्विटर के शेयर में सात फीसदी की गिरावट आई है.

इससे पहले मई महीने में एलन मस्क ने ट्विटर डील को होल्ड पर रखने की बात कही थी. उन्होंने कहा था कि वो ट्विटर के फेक और स्पैम अकाउंट्स के जुड़े डेटा का इंतजार कर रहे हैं. मस्क ने ट्विटर से इस बात के सबूत मांगे थे कि उसके कुल अकाउंट्स में स्पैम अकाउंट्स की संख्या पांच फीसदी से कम है. अब उनके वकील ने अमेरिका के सिक्योरिटी और एक्सचेंज कमीशन को पत्र लिखकर कहा है कि ट्विटर इस संबंध में या तो जानकारी देने में असफल रहा है या नहीं दे रहा है.

Advertisement

ट्विटर ने कहा था कि वो हर दिन अपने प्लेटफॉर्म से लगभग 10 लाख फेक अकाउंट हटाता है. इधर मस्क का मानना है कि ट्विटर पर करीब 20 फीसदी अकाउंट फेक हैं.

वीडियो- एलन मस्क ने ट्विटर के लिए क्यों कहा ‘अपनी कंपनी अपने पास रखो’!

Advertisement