The Lallantop

ट्विटर दफ्तर में तगड़ी नीलामी, चिड़िया और कुर्सियां तक बिक गईं, मस्क के पास नहीं बचे पैसे?

ट्विटर वाली चिड़िया 81 लाख रुपये में बिकी है.

Advertisement
post-main-image
एलन मस्क और ट्विटर के सैन-फ़्रांसिस्को दफ़्तर की चीड़िया की मूर्ति (फोटो - सोशल मीडिया)

ट्विटर की चिड़िया (Twitter Bird) उड़ गई. उड़ी नहीं, बिक गई. 81 लाख रुपये की. अंतरराष्ट्रीय न्यूज़ एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक़, ट्विटर के प्रमुख एलन मस्क (Elon Musk) ने 27 घंटे की ऑनलाइन नीलामी (Twitter Auction) करवाई थी. सैन-फ्रांसिस्को हेड-क्वॉर्टर के सामानों की नीलामी हुई. मसलन, फ़र्नीचर, सजावट और किचन का सामान.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
एलन मस्क लुट गए हैं?

पहले ख़बर आई कि मस्क दिवालिया हो गए हैं. सैन-फ्रांसिस्को में उनके एक फ़्लैट का रेंट नहीं भरा गया था, तो उन पर लॉ-सूट दायर हुआ. सिंगापुर में एशिया-पैसिफिक बेस और बाक़ी दफ़्तरों का भी यही हाल है. ब्लूमबर्ग ने रिपोर्ट छापी थी कि कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा जा रहा है. जिन दफ़्तरों में मुफ़्त खाना मिलता था, उसे बंद करवा दिया गया. कंपनी से लगातार छंटनी की ख़बरें तो थीं ही. कुल-मिलाकर बात ये कि ट्विटर की आर्थिक तबीयत ठीक नहीं है. जनता ने दो और दो मिला दिया, कि कंपनी में पैसे कम पड़ गए तो मस्क दफ़्तर का सामान बेचने लगे.

लेकिन जिस कंपनी ने नीलामी करवाई, उसने इस बात से इंकार किया है. हेरिटेज ग्लोबल पार्टनर्स के एक प्रतिनिधि ने फ़ॉर्च्यून पत्रिका को बताया कि इस नीलामी का उनकी वित्तीय स्थिति से कोई लेना-देना नहीं है. ट्विटर के दफ़्तर में जो चीज़ें ज़रूरत से ज़्यादा थीं, उनकी ऑनलाइन नीलामी हुई है.

Advertisement
क्या-क्या कितने में बिका?

कुल 631 आइटम्स की नीलामी हुई. सबसे ज़्यादा चर्चा हुई ट्विटर की चिड़िया की. ट्विटर चिड़िया की बड़ी सी मूर्ति का दाम रखा गया था 20 हज़ार डॉलर. यानी क़रीब 16 लाख रुपये. बोली लगी, तो बिकी 1 लाख डॉलर की. यानी 81 लाख रुपये की.

# एक और बड़ा सा सिम्बल बिका. ‘@’ वाला. ये एक तरह का स्टैंड है, जिसमें पौधे लगाए जा सकते हैं. इसकी फ़ाइनल बोली लगी क़रीब सवा बारह लाख रुपये में.

Advertisement

# दफ़्तर में लकड़ी की पुरानी कुर्सियां थीं, जिसपर मेहमान बैठते थे. कंपनी ने एक कुर्सी का दाम सेट किया था 81,000 रुपये. कुछ चीज़ें आज के ओरिजनल दाम से ज़्यादा बिकीं. जैसे, ये कुर्सियां. ओरिजनल दाम था 97,000 रुपये और बिकीं 1,13,000 रुपये में.

# ट्विटर वालों ने कॉफ़ी मशीन तक बेच दी. ला मारज़ोको कंपनी की कॉफ़ी मशीन थी, जिसे ख़रीदा था 24 लाख रुपये में और सालों तक इस्तेमाल करने के बाद बेचा है 10 लाख रुपये में.

# मास्क भी बिका है. कोरोना वाला N-95 मास्क. ट्विटर के दफ़्तर में कुल 20,800 मास्क्स थे. जिनकी क़ीमत रखी गई थी क़रीब 28,000 रुपये.

वीडियो: बर्नार्ड अरनॉल्ट कौन हैं जो एलन मस्क को पिछाड़ दुनिया के सबसे अमीर शख्स बने?

Advertisement