ये ट्यूनीशिया की फुटबॉल वर्ल्ड कप टीम है. वर्ल्ड कप अभी शुरू नहीं हुआ है. 14 जून को मेजबान रूस और सऊदी अरब के बीच पहला मैच खेला जाएगा (फोटो: रॉयटर्स)
14 जून, 2018. इस तारीख से रूस में फुटबॉल वर्ल्ड कप शुरू हो रहा है. पहला मैच है मेजबान रूस और सऊदी अरब के बीच. उससे पहले फ्रेंडली मैच हो रहे हैं. इन्हीं फ्रेंडली मैचों से एक बड़ी मासूम खबर आई है. कि इंसान भूख के लिए क्या नहीं करता. जैसे ट्यूनीशिया के फुटबॉलर्स ने किया. हुआ यूं कि उनका मैच चल रहा था. रमजान की वजह से FIFA मैच का प्रोग्राम तो नहीं बदलेगा. मैच तो होने ही थे. उधर खिलाड़ियों ने रोज़ा रखा हुआ था. दिनभर भूखे. पानी की एक बूंद भी नहीं. ऐसे में ही खिलाड़ी मैच खेलने गए. इस बीच शाम ढल गई. शाम का मतलब इफ़्तार का टाइम. मैच खेलते हुए इफ़्तार कैसे करें? उसके लिए तो मैच खत्म होने की राह देखनी होगी. जबकि मैच खेलते हुए तो कितनी एनर्जी चाहिए होती है. बिना खाए-पिए एनर्जी कैसे आए? तो इसके लिए खिलाड़ियों ने एक प्लानिंग बनाई.
गोलकीपर ने ऐसा नाटक किया मानो एकाएक बीमार हो गए हैं
28 मई को पुर्तगाल और ट्यूनिशिया के बीच मैच चल रहा था. उसी दौरान ये वाकया हुआ. गोलकीपर मोएज हसन ने एकाएक यूं दिखाया मानो वो बीमार महसूस कर रहे हों. कि इंजरी हो गई है. फटाफट मेडिकल टीम उनके पास पहुंची. खेल रुक गया. इतनी देर में ट्यूनीशिया के बाकी सारे खिलाड़ी भागकर साइड में चले गए. और फटाफट इफ़्तार का नाश्ता करने लगे. थोड़ा पानी पिया. थोड़े खजूर खाए. और फिर वापस खेलने आ गए.
खाकर आए और मैच ड्रॉ करा लिया
इसके पहले तक मैच में पुर्तगाल के खाते में दो गोल थे. ट्यूनिशिया के पास एक ही गोल था. खाने-पीने के बाद उनमें ऐसी जान आई कि छह मिनट बाद ही उन्होंने दूसरा गोल दाग दिया. बराबरी पर आ गए. फिर बाकी के पूरे मैच में पुर्तगाल लीड नहीं ले सका. मैच 2-2 पर ड्रॉ हो गया.
दूसरे मैच में भी वही ड्रामा
फिर आया 1 जून का मैच. तुर्की के खिलाफ. खेल के दौरान फिर हसन ने पुराना ड्रामा किया. अपनी पीठ के बल मैदान पर लेट गए. मेडिकल टीम उनके पास पहुंची. इतनी देर में उनकी टीम के बाकी खिलाड़ी साइड पर पहुंचकर खाने-पीने में जुट गए थे. और ये मैच भी 2-2 की बराबरी पर छूटा.
18 मैच को ट्यूनीशिया का पहला वर्ल्ड कप मैच है
ट्यूनीशिया को ये ड्रामा करने की और जरूरत नहीं पड़ेगी. वर्ल्ड कप में उसका पहला मैच 18 मई को है. इंग्लैंड के खिलाफ. तब तक रमजान खत्म हो चुका होगा. 16 या 17 जून को ईद है. उसके बाद कोई रोज़ा नहीं. करीब 12 साल बाद ट्यूनीशिया फुटबॉल वर्ल्ड कप खेल रहा है. और अच्छा खेल रहा है. क्वॉलिफाइंग राउंड में ट्यूनीशिया ने काफी अच्छा खेला. एक भी मैच नहीं हारे. पिछले बार की चैंपियन जर्मनी का पहला मैच 17 जून को है. मैक्सिको के साथ. वर्ल्ड कप का फाइनल 15 जुलाई को खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: फुटबॉल कैप्टन क्षेत्री ने ऐसा क्या बोला कि कोहली, रैना सब उन पर जान छिड़क रहे हैं बीच मैच में एक प्लेयर ने किया विरोधी प्लेयर का यौन शोषण क्रिकेट की जानकारी, कितनी है तुम्हारी? एक दिन में सबसे ज़्यादा रन तब मारे गए थे, जब फटाफट क्रिकेट का नामोनिशान भी नहीं था मैंने पुच्छल तारा देखा है और मैंने द्रविड़ को ज़मीन पर अपनी टोपी पटकते देखा है
IPL 2018 की सबसे बड़ी खोज साबित होगा 22 साल का ये लड़का