पश्चिम बंगाल (West Bengal) के दक्षिण 24 परगना में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तीन कार्यकर्ताओं की बर्बरता से हत्या कर दी गई है. घटना जिले के कैनिंग इलाके की है. मृतकों में एक ग्राम पंचायत का सदस्य भी शामिल है. पुलिस के मुताबिक, हत्या 7 जुलाई की सुबह हुई. मृतकों के नाम स्वपन माझी, भूतनाथ प्रमाणिक और झंटू हलदर हैं.
बंगाल: 3 TMC कार्यकर्ताओं की बर्बर हत्या, पहले गोली मारी, फिर धारदार हथियार से मारा
TMC के ये तीनों कार्यकर्ता पार्टी के एक कार्यक्रम में शामिल होेने जा रहे थे. उनकी हत्या के बाद बंगाल में सियासी घमासान शुरू हो गया है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्वपन माझी दक्षिण 24 परगना की पश्चिम कैनिंग विधानसभा के तहत आने वाली गोपालपुर ग्राम पंचायत के सदस्य थे. वो गोपालपुर स्थित पार्टी ऑफिस में आयोजित एक प्रोग्राम में शामिल होने जा रहे थे. इस प्रोग्राम में TMC के 21 जुलाई को प्रस्तावित शहीद दिवस आयोजन को लेकर चल रही तैयारियों पर बात होनी थी. स्वपन माझी के साथ भूतनाथ प्रमाणिक और झंटू हलदर भी मौजूद थे. तीनों बाइक के जरिए प्रोग्राम में शामिल होने जा रहे थे कि तभी उन पर हमला कर दिया गया.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी देते हुए इंडियन एक्सप्रेस को बताया,
"वो कछुआ इलाके में स्थित पियर पार्क के पास पहुंचे थे. तभी हमलावरों ने रोड ब्लॉक कर तीनों को रोक लिया. स्वपन माझी को एकदम नजदीक से गोली मार दी गई. बाकी दो ने भागना शूरू कर दिया. दोनों को पीछे से गोली मारी गई. हमलावरों ने ये सुनिश्चित करने के लिए कि दोनों की जान चली जाए, उनके ऊपर धारदार हथियार से भी हमला किया."
रिपोर्ट के मुताबिक इस बर्बर घटना की सूचना मिलने के बाद जिले की पुलिस और सीआईडी की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची. फिलहाल बताया जा रहा है कि पुलिस हत्या के पीछे का उद्देश्य जानने की कोशिश कर रही है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है.
BJP-TMC आमने सामनेइधर TMC ने इस हत्याकांड के लिए BJP को जिम्मेदार बताया है. पार्टी का कहना है कि BJP पश्चिम बंगाल में अशांति फैला रही है और उसने राज्य में एक भय का माहौल पैदा कर दिया है. पार्टी के एक प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि तीनों कार्यकर्ताओं ने जान के खतरे की बात कही थी. इससे पहले कि वो पुलिस के पास जा पाते, उनकी हत्या कर दी गई.
वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और सुवेंदु अधिकारी ने इस हिंसा के लिए सत्ताधारी TMC को जिम्मेदार बताया है. बीजेपी के नेता ने कहा कि ये हत्याकांड पार्टी के अंदर मचे घमासान का परिणाम है और बताता है कि राज्य में कानून-व्यवस्था की हालत बिगड़ रही है.
वीडियो- TMC की महुआ मोइत्रा हिंदू देवी काली पर अपने विचार रख अपनी ही पार्टी के निशाने पर आ गईं









