The Lallantop

इस शहर में घूम रहा सीरियल किलर? सोते हुए लोगों का सिर पत्थर-हथौड़े से कूंच देता है!

दूसरे मृतक का मोबाइल फ़ोन तीसरे मृतक के पास मिला, फिर पुलिस को शक हुआ!

Advertisement
post-main-image
मध्य प्रदेश में सीरियल किलिंग का मामला! (फोटो -आजतक)

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के सागर में एक के बाद एक तीन सुरक्षाकर्मियों की हत्या (Security Guard Murder) हुई है. जो सुराग सामने आए हैं, उन्हें देखने के बाद क़यास लगाए जा रहे हैं कि क्या मध्य प्रदेश में कोई सीरियल किलर (Serial Killer) घूम रहा है? तीनों हत्याओं के बीच में कनेक्शन तब सामने आया जब दूसरे मृतक का मोबाइल फोन तीसरे मर्डर स्पॉट पर बरामद किया गया. खबर है कि आरोपी को ट्रैक करने के लिए एक स्पेशल टीम का गठन किया गया है. साथ ही जांच के लिए अंडरकवर पुलिस भी तैनात की जा रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस ने पहले मारे गए तीनों सिक्योरिटी गार्डों के नाम उत्तम रजक, कल्याण लोधी और शंभूराम दुबे बताए हैं. तीनों की उम्र 50 से 60 साल के बीच है. इन हत्याओं की शुरूआत मई में हुईं.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार, 30 अगस्त को चौथे सिक्योरिटी गार्ड मंगल अहिरवार पर हमला हुआ, जिसमें उसके सिर पर गंभीर चोट आई है. फिलहाल मंगल का इलाज भोपाल के अस्पताल में चल रहा है.

Advertisement
नींद में हत्या करता है किलर 

सबसे पहले 2 मई को सागर में एक पुल निर्माण स्थल पर 58 साल के उत्तम रजक की नींद में हत्या कर दी गई. हत्यारे ने उसका मुंह जूते से दबाकर मारा था. उस वक्त पुलिस ने मामले को रूटीन केस की तरह हैंडल किया क्योंकि बाकी कनेक्शन सामने नहीं आए थे.

इसके बाद रविवार, 28 अगस्त को कैंटोनमेंट इलाके में गार्ड कल्याण लोधी की हत्या हुई. खबर के मुताबिक, कल्याण की हत्या हथौड़े से मारकर की गई.

तीसरे मर्डर स्पॉट पर मिला दूसरे का फोन 

अगले ही दिन 29 अगस्त की रात को सिविल लाइंस थाना इलाके में शंभूराम दुबे की हत्या हुई. 60 साल के शंभूराम दुबे सागर आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे. अगले दिन यानी 30 अगस्त को सुबह स्थानीय लोगों को दुबे का शव मिला. दुबे की भी हत्या नींद में की गई थी. जांच में पुलिस को शव के पास एक फोन मिला जिसमें से सिम कार्ड गायब था. बाद में पता चला कि वो फोन दूसरे पीड़ित कल्याण लोधी का था और इस तरह हत्याओं की कड़ी जुड़ने लगी. 

Advertisement
पुलिस का क्या कहना है?

सागर के ASP वीएस कुशवाहा ने न्यूज़ एजेंसी ANI से बातचीत में कहा है कि पहली हत्या में हथौड़े का इस्तेमाल हुआ था, जबकि दूसरी हत्या में पत्थर का इस्तेमाल हुआ था. पुलिस ने दावा किया है कि पुलिस को कुछ सुराग मिले हैं और संदिध लोगों से पूछताछ की जा रही है.

पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति का स्केच भी जारी किया है और लोगों से सहयोग करने की अपील की है. अधिकारियों के मुताबिक रात में शहर में पुलिस की गश्त बढा दी गई है. नाईट ड्यूटी करने वाले चौकीदारों से अपील की गई है कि वो चौकन्ने और सतर्क रहकर ड्यूटी करें और आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति के पाए जाने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें. एसपी तरुण नायक ने जल्द ही आरोपियों को पकड़कर सलांखो के पीछे भेजनी की बात कही है.

देखें वीडियो- रणजी ट्रॉफी विजेता मध्य प्रदेश को जिताने वाले कोच चंद्रकांत पंडित ने बताया उन्होंने क्यों इस टीम को चुना

Advertisement