
सोशल मीडिया पर घड़ल्ले से शेयर हो रहा है ये चोरी का कार्टून.
सच्ची-सच्ची बताएं तो ये कार्टून 'मोदी' फाइड हुआ है. ये असली माल नहीं है. इसमें जिस जगह पीएम मोदी का चेहरा लगा है. असली कार्टून में उस जगह हिलेरी क्लिंटन का चेहरा लगा हुआ है. वही हिलेरी जो ट्रंप चाचा के सामने 2016 में अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में खड़ी थीं. बिल क्लिंटन की घरवाली. कार्टून बनाने वाले शख्स का नाम है बेन गैरिसन. अमेरिकी कार्टूनिस्ट हैं. इनके कार्टून नेताओं को आमतौर पर पसंद नहीं आते हैं. मगर ये वाला डोनल्ड ट्रंप को बहुतै पसंद आया होगा. वैसे भी माना जाता है कि गैरिसन ट्रंप के लिए थोड़ा नरम रुख रखते हैं. अब इस कार्टून का असली वर्जन भी देख लीजिए-

अमेरिकी कार्टूनिस्ट की ओर से बनाया गया असली कार्टून.
ये कार्टून असल में तीन अगस्त 2016 को आया था. अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के पहले. पर अब इसे वॉट्सऐप या फेसबुक यूनिवर्सिटी के किसी खुराफाती छात्र ने झाड़-पोछकर 'मोदीफाई' करते हुए पेश कर दिया है. ट्रोलर्स तो वैसे भी ताक में बैठे रहते हैं. शेयर करने में जुटे हैं. मगर साथ में जो जानकारी दे रहे हैं वो एकमद गलत है. इसे बेन गैरिसन ने नहीं बनाया है. गैरिसन ने भारतीय मीडिया पर कोई कार्टून नहीं बनाया है. इसमें जो मोदी का चेहरा इस्तेमाल किया गया है वो दरअसल भारतीय कार्टूनिस्ट सतीश आचार्य ने बनाया था. पीएम मोदी के 60वें बड्डे पर. 2010 में. उन्होंने खुद ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है, ये भी देख ल्यो-

कार्टूनिस्ट सतीश आचार्य ने इसे ट्वीट कर कही जानकारी दी है.
ये किसके सामने झुके हैं पीएम
ट्रोलर्स एक और तस्वीर जोर शोर से शेयर कर रहे हैं. इसमें बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री का हाल देखिए, उद्योगपति गौतम अडानी की पत्नी से किस कदर झुक के मिल रहे हैं. ये फोटो भी झेलकर शेयर हो रही है. पहले फोटो देखिए-

पीएम मोदी की इस तस्वीर को गलत जानकारी के साथ शेयर किया जा रहा है.
असल में ये फोटो गलत तरीके से पेश की जा रही है. फोटो सही है पर जो महिला अडानी की पत्नी बताई जा रही है, वो तुमकुर की मेयर गीता रुद्रेश हैं. तुमकुर कर्नाटक का एक शहर है. पीएम सितंबर 2014 में यहां गए थे तो उन्होंने इस तरह झुककर ही उनका अभिवादन किया था. अब आप भले लोग इन तस्वीरों की सच्चाई जान ही गए हैं तो इन्हें आगे बढ़ाने से बचें.
वीडियो देखें-
ये भी पढ़ें:
देशभक्त बनने के चक्कर में बेवकूफ मत बनो, ये मैसेज फॉरवर्ड मत करो
यूपी में 38 हज़ार लोगों की नौकरी जाने का लेटर हुआ वायरल, बवाल होते-होते रह गया
इमरजेंसी में ब्लड की ज़रूरत हो तो फेसबुक का ये नया फीचर बहुत काम आएगा










