आपको पता है करनजीत का नाम सनी कैसे पड़ा? या फिर ये मालूम है कि उनका कनेक्शन ओसामा बिन लादेन से है? हम बताएंगे. लेकिन हमको ये सब कैसे पता चला? एक डाक्यूमेंट्री बन रही है सनी लियोनी की ज़िन्दगी पर,
'मोस्टली सनी पार्टली क्लाउडी'. दिलीप मेहता बना रहे हैं. इसी डाक्यूमेंट्री के बारे में उन्होंने 'न्यूज़ लॉन्ड्री' की एडिटर मधु त्रेहान को इंटरव्यू दिया. हमने भी देखा. नई नई बातें पता चलीं. कुछ बातें इकट्ठी कीं.
तुम्हारा नाम 'सनी' क्यों है, सनी?
बात तब की है जब सनी अपना न्यूड फोटोशूट करवा रही थीं पेंटहाउस मैगज़ीन के लिए. उस समय उनका नाम करनजीत कौर वोहरा था. डायरेक्टर बोला कि ये नाम तो बिलकुल सूट नहीं कर रहा इन फ़ोटोज़ के साथ, कोई और नाम रख लो. अब इतनी जल्दबाज़ी में क्या नाम रखा जाता. सनी का एक छोटा भाई है संदीप जिसको वो बहुत प्यार करती हैं. उसको घर में सब सनी बोलते हैं, बस वही याद आया उनको और 'करनजीत' ने तुरंत अपना नाम सनी रख लिया. और लियोनी कहाँ से आया फिर? तो एक जबर इटालियन डायरेक्टर थे 'सार्जिओ लियोनी', उनके नाम से सरनेम उठा लिया गया 'लियोनी'.
बहुत बढ़िया हारमोनियम बजाती थीं छोटी सी सनी
जब सनी छोटी सी थीं तो अपने परिवार के साथ हर सन्डे गुरूद्वारे जाती थीं. हारमोनियम बजने का खूब शौक था. बढ़िया बजाती थीं. उनका भाई तबला बजाता और दोनों भाई-बहन कीर्तन गाया करते थे. बाकी बच्चों के साथ सिख कैंप भी जाते थे. बॉलीवुड की फिल्मों का भी खूब शौक था.
जब मम्मी पापा को बताया कि मैं एडल्ट फिल्मों में काम करती हूँ
धमाका तो होना ही था. तो हुआ ये था कि सनी ने जब एडल्ट फिल्मों में काम करना शुरू किया था, किसी को बताया नहीं था. फिर कुछ दिन बाद अपने छोटे भाई 'सनी पार्ट 1' को बताया. भाई बहुत सपोर्टिव था अपनी दीदी की चॉइस के लिए. मम्मी पापा को पता चलता भी तो कैसे. बात ख़तम हो गयी. लेकिन फिर मैटर हो गया. एक रिश्तेदार ने देख ली कोई वीडियो. घेर लिया सनी को. अब सनी को लगा कि पापा-मम्मी को बात पता लग जाएगी. किसी और से पता लगे इससे अच्छा खुद ही बता दिया जाए. बता दिया. पापा-मम्मी गुस्सा तो हुए पर अपनी बच्ची से कैसे और कब तक गुस्सा रहते. उन लोगो ने भी बिटिया की चॉइस का सम्मान किया. लेकिन बाकी के रिश्तेदार आज तक सनी और उसके परिवार से बात तो क्या उनके बारे में भी बात नहीं करते.
नो 'मनाली ट्रान्स' फॉर सनी
हम लोग सोचते हैं न कि ये सब जो फिल्मों वाले या फैशन इंडस्ट्री वाले लोग होते हैं वो खूब हैश, वीड या कोई और नशा करते होंगे. सनी नहीं करती. किसी भी तरह का कोई एडिक्शन नहीं है.
ओसामा बिन लादेन का सनी लियोनी से कनेक्शन
दुनिया का सबसे खतरनाक आतंकवादी भी सनी लियोनी का जबरा दीवाना था. इतना बड़ा दीवाना कि पाकिस्तान वाले अपने घर में उसने सनी के विडियोज़ वाले सारे कैसेट्स इकट्ठे किए हुए थे.
और कुछ छुटपुट बातें:
-उनके पति और बाकी दोस्त उन्हें कैरेन ही बुलाते हैं. सनी बुलाने की सख्त मनाही है. -तीन पत्ती विथ सनी लियोनी ऑफिशिअल विडियो गेम है सनी का. एंड्राइड वालों के लिए. खेल के देखना बढ़िया है. -जब उन्हें अपनी पहली एडल्ट मूवी का ऑफर मिला उस वक़्त सनी पीडियाट्रिक नर्स बनने की पढाई कर रही थी. -फेसबुक पर सनी के 1 करोड़ 70 लाख और ट्विटर पर उनके 14 लाख फॉलोवर्स हैं.
ये भी पढ़ें:
एक्ट्रेस सनी लियोनी को जान का खतरा!