The Lallantop

ओम पुरी का क़त्ल हुआ, मूर्ख पाकिस्तानी एंकर का महामूर्ख दावा

इस एंकर की मसखरी के पुराने सुबूत देख लीजिए.

Advertisement
post-main-image
आमिर लियाकत
अवध में एक शब्द होता है 'पटीदार'. गुजरात के पाटीदार से इसका कुछ रिश्ता नहीं है. पटीदार उस पड़ोसी को कहते हैं जो आपसे हर हालत में बराबरी करना चाहता है. पटीदार वो होता है जो आपके यहां चारपाई देखकर अपने यहां खटिया ले आता है. वो भी होता है जो आपके मुर्रा भैंस खरीदने पर अपने यहां जर्सी गाय ले आता है. पटीदार वो भी होता है जो कहता है कि हम घास की रोटी खाकर जी लेंगे, पर पड़ोसी से बराबरी करके रहेंगे. हमारे बुजुर्ग पुरनिया बताते थे कि गांव में चिड़िया भी मर जाए तो पटीदार कामना करता है कि आपका नाम आ जाए. घर के बाहर रखा भूसा और पैरा गायब हो जाए तो पटीदार खुरपेच लगाकर आपका नाम शक के दायरे में घुसेड़ना चाहता है.

हम दिग्गज एक्टर ओम पुरी के निधन से दुखी हैं और हमारे पटीदारों ने हद कर दी है.

इधर बाज़ार में एक नई चीज़ चली है, जिसे कहते हैं 'कॉन्सपिरेसी थ्योरी'? इसकी आड़ लेकर कोई मस्तिष्कविहीन कैसी भी साक्ष्यविहीन बातें कर सकता है. पाकिस्तान के एक एंकर हैं आमिर लियाकत. इन्होंने अपने यहां खबर पढ़ते हुए ओम पुरी के निधन को साजिश बताया और इसका आरोप भारत के नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (NSA) अजीत डोवाल पर लगाया. ये वीडियो दिमाग पर गहरा असर डाल सकता है. अपने रिस्क पर देखें. https://twitter.com/nailainayat/status/818030805519921154

एंकर आमिर लियाकत ने क्या कहा

'अजीत डोवाल के खास लोगों, राजेश और कलवीर सिंह ने इस क़त्ल की मंसूबाबंदी की थी. शकुंतला नाम की औरत के घर में ये प्लान किया गया था और इसके लिए शिवसेना और आरएसएस की मदद मिली थी. मुझे ये इत्तेला भी मिली है जो आज मैं आपको ब्रेकिंग न्यूज के तौर पर आपको दे रहा हूं कि ओम पुरी के क़त्ल के एक हफ्ते पहले दिल्ली में अजीत डोवाल ने ओम पुरी को बुलाया था और उन्हें मां की गालियां दी थीं और उनसे कहा था कि तुम्हें नितिन यादव के गांव जाना है और वहां जाकर तुम्हें आंसू बहाने हैं. तुम एक बहुत बड़े एक्टर हो, तुम्हें आंसू बहाने पड़ेंगे. हमारा BSF का जवान था, तुमने उसके बारे में गलत बातें कीं, तुमने पाकिस्तान की हिमायत की बातें कीं, तुम्हें जिंदा रहने का कोई हक नहीं है. लेकिन अगर तुम चाहते हो कि तुम्हारी मौत पुरसुकूं हो, ये लफ्ज बहुत अहम है, तुम्हारी मौत 'पुरसुकूं' हों तो तुम्हें जाना होगा, नितिन यादव के गांव. उसके बाद ही कोई फैसला किया जा सकेगा. उसके बाद ओम पुरी जो कि बहुत ही ज़ेहनी दबाव का शिकार थे और.. (वीडियो इतना ही उपलब्ध है)'
आमिर लियाकत अरसे से ज़ेहनी दबाव का शिकार हैं और ऊलजलूल बातों के लिए पाकिस्तान के अंदरूने-मुल्क तक मशहूर हैं. इनके नाम से कई फेसबुक पेज चलते हैं, जिन पर पाकिस्तानी ही इनका खूब मजाक उड़ाते हैं. भाई नेतागिरी भी करते हैं. पाकिस्तान की चौथी सबसे बड़ी पार्टी मुत्ताहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) में रहे हैं. 2002 में नेशनल असेंबली में चुने गए थे. 2005 में मालूम हुआ कि भाई की डिग्रियां फर्जी हैं. 2008 में उन्हें MQM से निकाल दिया गया. तब से वो इधर-उधर पॉलिटिकल शो होस्ट करके खा-कमा रहे हैं. पीटीवी से टीवी करियर की शुरुआत की थी, लेकिन लगे हाथ 'बाहिर' कर दिए गए थे. पीटीवी वालों का कहना था कि बंदे को बोलने की तमीज नहीं है. फिर जियो टीवी में चले गए और वहां 8 साल टिके. खैर, जो बीत गई वो बात रहेगी. लेकिन अभी फेसबुक पर एक वेरिफाइड पेज है, 'Amir Liaquat Ki Baatein'. वहां जाइए तो उनकी मसखरी के और सुबूत मिलेंगे. एक पेज और चलता है, 'हद हो गई शराफत की, चुम्मी ले लो आमिर लियाकत की'. यहां भी पाकिस्तानी अपने इस नमूने किरदार की खूब खिल्ली उड़ाते हैं. [facebook_embedded_post href="https://www.facebook.com/AmirLiaquatKiBaatein/videos/376934595813192/"] आमिर लियाकत के नाम से फेक प्रोफाइल भी खूब बनाई जाती हैं. और लोग इतनी मौज लेते हैं कि फेक प्रोफाइल से बचकर रहने का इश्तेहार भी फेक प्रोफाइल से डालते हैं. इस स्टेटट की भाषा देखें. amir liaquat 'आईडी' और 'आई डाईज' के चक्कर में न फंसे. आखिर में लिखा है कि बराए-मेहरबानी फर्जी आईडी पर बिलीव न करें. इस पोस्ट को किसी ने लाइक नहीं किया. आमिर लियाक़त रमज़ान और इस्लाम से जुड़े कई शो होस्ट करते रहे हैं. एक बार उनके शो में एक महिला कॉलर ने फोन किया और अपना सवाल इस तरह अर्ज किया, 'वैसे तो खुदकुशी हराम है, लेकिन अगर कोई औरत अपनी इज्जत बचाने के लिए खुदकुशी करे तो वो हराम होगी या हलाल?' इस पर जवाब लेने के लिए आमिर लियाकत पास में बैठे एक्सपर्ट मुफ्ती की ओर मुख़ातिब हुए. मुफ्ती साहब ने जवाब देना शुरू किया, 'जी बहुत नाज़ुक सूरत-ए-हाल है..' मुफ्ती ने इतना कहा था और आमिर लियाकत भड़भड़ा के हंसने लगे. कहने लगे, 'यार लाइव मत बैठाया करो. मुझे मत रखो. मेरे ऊपर कैमरा मत रखो यार.' एक और मिसाल यहां देखें https://www.youtube.com/watch?v=UO-iJ8Cdg-Q आमिर लियाकत की एक क्लिप वायरल हो गई थी. जिसमें शूट के दौरान वो बीच-बीच में अपने अदब के ऐसे सुबूत पेश कर रहे थे, जिन्हें मारे शर्म के हम यहां लगा भी नहीं सकते. आप 18 साल से ऊपर हों तो यूट्यूब पर जाएं और टाइप करें 'Real Face of Fake Doctor Amir Liaquat Exposed.'

ओपड़ दी गड़गड़ दी एनेक्स दी बेध्याना दी मूंग दी दाल आफ दी पाकिस्तान गवर्नमेंट.


  ये भी देखें 'मोदी जी' को चैलेंज करती इस पाकिस्तानी एंकर को सुनो, हंसी छूट जाएगी पाकिस्तानी एंकर को उसके ही फैन ने ज़हर खिला दिया ओम पुरी को गाली देने वाले अपनी गाली चाट लेंगे, जब ये जानेंगे

Advertisement
Advertisement