ऐसे कमरों की जरूरत क्यों पड़ती है?
एक लड़की किसी लड़के के साथ अगर पब्लिक प्लेस में है. तो उसे ‘खराब कैरेक्टर वाली’ मान लिया जाता है. माना जाता है कि अगर वो पब्लिक में एक लड़के के साथ कंफर्टेबल है तो वो हर किसी के लिए ‘उपलब्ध’ है. कोई भी उससे ‘रेट’ पूछ सकता है. उसके साथ बदतमीजी कर सकता है. ऐसा क्यों होता है कि किसी लड़की को मुंह बांधकर पार्क में जाना पड़ता है. क्यों एक लड़के के साथ हो तो चार लोगों को साथ आते देख लड़की डर जाती है. उसके होने न होने, उसके किसी जगह पर किसी के साथ होने, और उसके कुछ भी करने को कैसे कोई और प्रभावित करने लगता है. ऐसी तमाम जगहें गुंडा दलों के निशाने पर भी होतीं. चार उचक्के वैलेन्टाइन्स डे पर किसी भी पार्क में बैठे कपल को बेइज्जत कर सकते हैं. उनसे उठक-बैठक लगवा सकते हैं. उनकी शादी तक करा सकते हैं.
कृष्ण, राधा को होटल का कमरा बता रहे हैं
इनका एक नया ऐड आया है. ऐड क्या एक फोटो है. राधा जी और कृष्ण एक पेड़ पर बैठे हैं. कृष्ण कहते हैं. कपल फ्रेंडली होटल है. राधा प्यारी क्या तुम भी वही सोच रही हो जो मैं सोच रहा हूं. अब जो पहली चीज होने वाली है वो ये कि आप इसे हिंदू धर्म का अपमान बता इन पर पिल पड़ें. सोचिये क्या तो कह रहे हैं भगवान और राधा होटल का कमरा लेंगे.

Source - Stay Uncle facebook
अब ठहरो. कृष्ण जी ठहरे प्रेमी आदमी. रास वो घर में बैठकर रचाते थे नहीं. वैसे भी कृष्ण जी भगवान से ज्यादा प्रेम फैलाने के लिए जाने जाते हैं. और राधा कौन हैं? महाभारत या भागवत में 'राधा' का जिक्र नहीं है. उनका पहला जिक्र हरिवंश पुराण में है. साथ में राधा का जिक्र पद्म पुराण और ब्रह्मवैवर्त पुराण में भी मिलता है. पर सबसे ज्यादा फेम मिला बारहवीं शताब्दी में जयदेव के फेमस गीत गोविन्द से. राधा का जैसा वर्णन किया गया है. हिंदी भाषा में तर्जुमा पढ़ लें तो आप जयदेव के खिलाफ फतवा दे देंगे.
वैसे धर्म में कुछ ही घुसे, धर्म हो या राजनीति कैसे सही हो सकती है? बाजार धर्म में घुस रहा है. अपने तरीकों से और प्रतीकों से. इस ऐड पर अगर आप गुस्साते हैं. तो एक बात तय मानिए आप जैसे ही लोग हैं जिनके कारण स्टे अंकल और स्टे अंकल के ऐसे ऐड्स की जरूरत पड़ती है.










