2019-20 में दुनिया की सबसे ज्यादा पसंदीदा फिल्म रही है. फ्रांस के कान फिल्म फेस्ट में उसने टॉप प्राइज़ जीता. इस साल ऑस्कर अवॉर्ड में भी यही टॉप फिल्म रही थी. इसने सबसे ज्यादा 4 अवॉर्ड जीते. साथ ही 92 साल के ऑस्कर के इतिहास में ये पहली गैर-अंग्रेजी फिल्म बन गई जिसने बेस्ट पिक्चर का सबसे बड़ा अवॉर्ड जीता हो. आलोचकों की सराहना के साथ साथ साउथ कोरियन डायरेक्टर बॉन्ग जून हो की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पैसे भी बहुत कमाए. अब ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी रिकॉर्ड बना रही है. केवल 16 दिनों में यह 'हुलु' पर दूसरे नंबर की सबसे ज़्यादा देखी गई फिल्म बन गई है.
हम ये सब क्यों बता रहे हैं? वो इसलिए क्योंकि इंडिया के कमाई के मामले में शायद सबसे तगड़े डायरेक्टर ने कहा है कि उनको फिल्म अच्छी नहीं लगी. बात हो रही है एस.एस.राजामौली की. 'मगधीरा', 'मक्खी' और 'बाहुबली सीरीज़' वाले.
कोरियाई पिक्चर के बारे में क्या बोले?
राजामौली ने हाल ही में एक टीवी इंटरव्यू दिया. उसमें पहले तो बताया कि फिल्ममेकिंग पर किताब पढ़ रहे हैं - 'मूवीमेकिंग मास्टरक्लास'. जिसमें मार्टिन स्कॉर्सेज़ी और डेविड लिंच जैसे फिल्मकारों से सीखने को मिलता है (ये और बात है कि पैरासाइट के लिए खुद मार्टिन ने ऑस्कर में तालियां बजाई थी). फिर पूछा गया आजकल क्या देख रहे हैं? तो मनोज बाजपेयी की सीरीज़ 'द फैमिली मैन' का नाम लिया. जब कोरियाई फिल्म 'पैरासाइट' के बारे में पूछा गया तो बोले -
"पैरासाइट मुझे कोई खास पसंद नहीं आई. मुझे लगा कि फिल्म शुरू में थोड़ी स्लो थी. हमने फिल्म थोड़ा लेट ही देखनी शुरू की थी, रात 10 बजे के करीब. और आधी गुजरी थी कि मुझे झपकी आ गई और मैं सो गया."
फिर राजामौली पर नकल का आरोप लगा
एक ट्विटर यूज़र ने कहा कि मसाला फिल्मों के ऐसे डायरेक्टर से और क्या उम्मीद की जा सकती है, जिसकी हरेक फिल्म में हीरो की पूजा होती है. फिर बात इस पर आ गई कि राजामौली विदेशी फिल्मों की नकल करते हैं. एक यूज़र ने कहा - "राजामौली को पैरासाइट में से कुछ भी कॉपी करने जैसा मिला नहीं. वो सोचते हैं कि फिल्म में लीड एक्टर को ज़्यादा ही चढ़ा दिया है. उनको ये फिल्म अच्छा न लगना कोई अचंभे की बात नहीं है. मलयालम सिनेमा के डायरेक्टर्स से पैरासाइट के बारे में पूछो. उनकी बात पर ज़्यादा यक़ीन किया जा सकता है, क्योंकि मलयालम फिल्में रियलिस्टिक होती हैं."
क्या वाकई उनकी फिल्में कॉपी करके बनी हैं?
राजामौली के फैंस को उनकी फिल्में पूरी तरह पैसा वसूल लगती हैं. लेकिन आलोचक कहते हैं 'बिना दिमाग की मसालेदार फिल्में'. सबसे बड़ी आलोचना ये रही है कि राजामौली ने विदेशी फिल्मों को बहुत कॉपी किया है. यहां तक कि उनकी दानवाकार फिल्म 'बाहुबली' भी. इस फोटो में देखिए.
ऊपर दो विदेशी फिल्मों के शॉट; नीचे 'बाहुबली' फिल्म के शॉट्सवर्ल्ड सिनेमा फैंस आरोप लगाते हैं कि कभी कुछ शॉट्स कॉपी होते हैं तो कभी कभी पूरी फिल्म ही. जैसे उनकी 'मर्यादा रमन्ना' बस्टर कीटन की 1921 की साइलेंट फिल्म 'अवर हॉस्पिटैलिटी' से कॉपी कही जाती है. 'ईगा/मक्खी' का विचार एक ऑस्ट्रेलियाई शॉर्ट फिल्म से लिया गया बताया जाता है. राजामौली की दानवाकर फिल्म 'बाहुबली' के बहुत से शॉट्स हॉलीवुड फिल्म '300', 'ट्रॉय' और चीन की फिल्म 'हीरो' की हूबहू नकल बताए जाते हैं. पहली नज़र में संदेह जाता भी है. जैसे कि बाहुबलीः द बिगिनिंग का पोस्टर देखिए, जो उससे करीब 27 साल पहले, 1988 में आई हॉलीवुड फिल्म 'साइमन बर्च' की डिट्टो नकल है.

'बाहुबली' और 'साइमन बर्च' फिल्म के पोस्टर
दरअसल ये बात सच है. राजामौली विदेशी फिल्मों के सीन या पलों की नकल करते हैं. उन्होंने एक से अधिक मौकों पर ये बात स्वीकार की है. जैसे 2015 में आईआईटी मद्रास में स्टूडेंट्स से बात करते हुए उन्होंने कहा था. एक स्टूडेंट ने पूछा कि क्या हॉलीवुड फिल्मों ने आपको बाहुबली के किसी सीन के लिए 'प्रेरित' किया? इस पर राजामौली का कहना था -
"वो (सवाल पूछने वाला) रिस्पेक्टफुल हो रहे हैं. असली सवाल ये है कि क्या आप हॉलीवुड से कॉपी करते हैं? उसका जवाब है, हां, मैं ऐसा करता हूं. लेेकिन मैंने अपने किसी समकालीन को कॉपी नहीं किया है."अन्य मौकों पर भी उन्होंने जो कहा है उसका लब्बोलुबाब ये है कि वे आइकॉनिक फिल्ममेकर्स के फैन हैं. उनका सिनेमा देखते हैं. उन्हें सराहते हैं. और कभी कभी उन फिल्मों के सीन उनके दिमाग में अटक जाते हैं जो फिर उनकी खुद की फिल्मों में भी आ ही जाते हैं. और कभी बार एक जैसे लगने वाले सीन महज इत्तेफाक भी होते हैं.
फिलहाल एसएस राजामौली की अगली फिल्म का सबको इंतजार है. नाम - आर.आर.आर. रिलीज़ डेट रखी गई है 8 जनवरी 2021. उसके बाद वे तेलुगु सुपरस्टार महेश बाबू के साथ फिल्म बना सकते हैं.
कहां देख सकते हैं 'पैरासाइट'
अगर आपको 'पैरासाइट' देखनी है, तो आप 'हुलु' पर देख सकते हैं. अगर हिंदी में देखनी है तो 'अमेज़न प्राइम वीडियो' पर देख सकते हैं. या फिर 'हुलु' ने ट्विटर पर एक सुझाव दिया है कि इसे देखने के लिए कोरियाई भाषा सीख लीजिए -
Video Review: 2020 में सबसे ज्यादा Oscars क्यों जीती ये एशियाई फिल्म? । Parasite । Bong Joon Ho । Best Picture














