चेक रिपब्लिक का नाम सुना है? वही देश जिसकी स्पेलिंग आप नहीं लिख पाते. वहां का एक फुटबॉल क्लब है. नाम है स्पार्टा प्राग. स्पार्टा प्राग केवल चेक में ही नहीं, पूरे योरप में काफी पॉपुलर है. तो स्पार्टा प्राग के गोलकीपर, बड़ा अच्छा सा तो नाम है, टॉमस कूबेक एक औरत रेफरी के विवादास्पद फैसले से चिढ़ गए. और इस तरह चिढ़े कि ट्विटर पर पोस्ट कर दिया कि औरतों की जगह केवल चूल्हे के पास है.
फोटो लगाते हुए कूबेक ने लिखा था 'वीमेन बिलॉन्ग टू द स्टोव'. साथ में ये कहा कि औरतों को पुरुषों के गेम में रेफरी नहीं बनाना चाहिए.
स्पार्टा के चीफ एग्जेकेटिव को जब ये बात पता चली, उनके कान लाल हो गए. इतनी बड़ी टीम का खिलाड़ी सेक्सिस्ट कमेंट करे, ये स्पार्टा के लिए शर्म की बात थी. तो चीफ ने जनाब कूबेक के दिमाग को टॉनिक देने के लिए उनको निर्देश दिया है कि उनकी ट्रेनिंग अब औरतों की टीम के साथ होगी. इसके बाद से कूबेक सफाई देते फिर रहे हैं. कह रहे हैं सारी औरतों को नहीं, बस एक औरत से नाराजगी जाहिर कर रहे थे.
लेकिन अब कूबेक खुद औरतों के साथ ट्रेनिंग कर देख सकेंगे कि उनकी जगह कहां है.
ये भी पढ़ें: