सोनाक्षी सिन्हा ने ऐमजॉन से ऑनलाइन शॉपिंग की. अपने लिए एक महंगी कंपनी का हेडफोन मंगवाया. ऐमजॉन से जो पार्सल उनके पास पहुंचा, उसमें कुछ और ही था (फोटो: सोनाक्षी सिन्हा, ट्विटर)
अर्ज़ है-
माना बहुत अमीर, बहुत मशहूर हो तुम...
मगर हमारी तरह कभी न कभी पेट तो तुम्हारा भी खराब होता होगा.
दो कौड़ी की शायरी पढ़ने के लिए शुक्रिया. कविता में हाथ तंग होने के बावजूद मैंने ये लिखने की हिमाकत की. चूंकि आपको समानता समझानी थी. सोनाक्षी सिन्हा और ऐमज़ॉन के बहाने. हुआ ये कि सोनाक्षी सिन्हा ने ऐमज़ॉन से ऑनलाइन शॉपिंग की. अपने लिए 18 हजार रुपये का एक बढ़िया महंगी कंपनी बोस का हेडफोन ऑर्डर किया. डिलिवरी पहुंची. सब बढ़िया. देखने में डिलिवरी वाला पैकेट वैसा ही था, जैसा होना चाहिए. सीलबंद. बढ़िया पैकिंग. पैकेट खोला, तो अंदर उस हेडफोन वाली कंपनी का डिब्बा भी था. मगर डिब्बे के अंदर वो नहीं था, जो मंगवाया था. उसमें था जंग लगे लोहे का एक टुकड़ा. सोनाक्षी सिन्हा ने ऐमज़ॉन की इस डिलिवरी का फोटो खींचकर ट्वीट कर दिया. लिखा-
ऐमज़ॉन इंडिया, देखो. मैंने हेडफोन ऑर्डर किया था और उसके बदले मुझे क्या भेजा गया है. डिब्बा अच्छे से पैक था. उसकी सील भी सही से लगी थी. बाहर से देखने में सब बिल्कुल ठीक लगा था. मगर सिर्फ बाहर से. नीम पर करेला ये कि आपका कस्टमर केयर मेरी मदद भी नहीं कर रहा.
फिर सोनाक्षी ने एक और ट्वीट किया. इसमें लिखा था-
कोई है ऐसा जो 18,000 रुपये में एकदम नया, चमचमाता कबाड़ खरीदना चाहता हो? चिंता मत कीजिए, मैं इसे बेच रही हूं. ऐमज़ॉन इंडिया नहीं बेच रही. इसीलिए आप जो ऑर्डर करेंगे, आपको वही मिलेगा.
फिर आया ऐमज़ॉन का जवाब
शायद सोनाक्षी ने गलत डिलिवरी मिलने पर ऐमज़ॉन के कस्टमर केयर में शिकायत की होगी. वहां से उन्हें कोई हेल्प नहीं मिली होगी. और तब जाकर सोनाक्षी ने ये ट्वीट किया होगा. ये सोचकर कि ट्वीट करने पर शायद ऐमज़ॉन का जवाब आए. ऐसा हुआ भी. ऐमज़ॉन ने ट्वीट करके सोनाक्षी को सॉरी कहा. ये भी लिखा कि इस तरह की गलती कतई नहीं होनी चाहिए कंपनी से. और आगे कार्रवाई करने का भी आश्वासन दिया.
लोगों ने भी खूब मजे लिए
ये तो हुआ कंपनी का रेस्पॉन्स. मगर ऐसा थोड़े न है कि सोनाक्षी ये ट्वीट करें और बस ऐमज़ॉन तक बात पहुंचे. औरों ने भी देखा सोनाक्षी का ये ट्वीट और धड़ाधड़ प्रतिक्रियाएं आने लगीं. कई लोग तो बस इस बात से खुश हो गए कि क्या बढ़िया समानता है ऐमज़ॉन के यहां. आम लोगों और खास लोगों में रत्तीभर भी अंतर नहीं करता. फिर चाहे गलत डिलिवरी पहुंचाने की बात हो कि डिलिवरी में धांधली की बात. या फिर कस्टमर केयर की लापरवाही. सोनाक्षी सिन्हा के साथ वैसा ही हुआ, जैसा बहुत सारे आम ग्राहकों के साथ होता है. तो कई 'मासूम' लोग बस ऐमज़ॉन की इस 'निष्पक्षता' पर खुश हो गए. बाकी कुछ ने सोनाक्षी से सहानुभूति दिखाई. कुछ ने अपना दुखड़ा रोया. कुछ ने ऐमज़ॉन को कोसा. कुछ ने खाली मजा लिया. जो भी हुआ, अच्छा हुआ. शायद इसी बहाने ऐमज़ॉन अपने सिस्टम को चौकस करे.
मूवी रिव्यू: राजमा चावल
डिलिवरी से पहले खाना खाते जोमैटो वाले के साथ क्या हुआ, जान लीजिए
रजनीकांत खुद इस एक्टर की कॉपी करते हैं