उत्तर प्रदेश के सीतापुर में एक शख्स ने कथित तौर पर अपने पूरे परिवार की हत्या करने के बाद अपनी भी जान ले ली (Man killed Family Sitapur UP). आरोप है कि शख्स ने अपनी ही मां और पत्नी की गोली मारकर हत्या की. इतना ही नहीं उसने अपने तीन बच्चों को छत से नीचे फेंक दिया. तीनों की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई. आखिर में घर से बाहर निकलकर उसने खुद को गोली मार ली.
हथौड़े से बीवी को मारा, मां को मारी गोली, 3 बच्चों को छत से फेंका, फिर गांव वालों के सामने जान दे दी
Uttar Pradesh के Sitapur जिले की घटना है. एक शख्स ने अपने परिवार के पांच लोगों की हत्या कर खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली. गांव वालों ने बताया आखिर हुआ क्या था?

हैरान कर देने वाला ये मामला मथुरा थाना क्षेत्र के पल्हापुर गांव का है. आजतक से जुड़े आशीष श्रीवास्तव ने मामले पर रिपोर्ट तैयार की है.
शख्स की पहचान 45 साल के अनुराग सिंह के तौर पर हुई है. वो एक किसान था. मृतकों में अनुराग की मां सावित्री देवी, पत्नी प्रियंका सिंह, बेटी आरवी-आरना और बेटा आद्विक भी शामिल है. तीनों बच्चों की उम्र 4 से 12 साल के बीच बताई जा रही है.
घटना 11 मई को सुबह करीब पांच बजे की है. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, गांव वालों ने बताया कि उन्होंने सुबह गोलियां चलने की आवाज सुनी. वो अनुराग के घर के बाहर पहुंचे तो देखा कि वो बंदूक अपनी कनपटी के पास रखकर खड़ा है. गांव वालों के रोकने से पहले ही उसने अपनी जान ले ली. पड़ोसियों ने देखा कि घर के आंगन में उसके तीन बच्चे खून से लथपथ पड़ हैं. अंदर उसकी मां और पत्नी का शव मिला. आरोप है कि अुनराग ने गोली मारने के बाद अपनी पत्नी का सिर हथौड़े से कुचला था.
मानसिक तनाव में था!मामले पर जानकारी देते हुए सीतापुर के SSP चक्रेश मिश्रा ने बताया,
पुलिस को सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि मानसिक रूप से बीमार एक शख्स ने कथित तौर पर खुद को गोली मारने से पहले परिवार के पांच लोगों की हत्या कर दी. पुलिस और फॉरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है.
गांववालों से पता चला है कि अनुराग के पास करीब 100 बीघा जमीन थी. पत्नी लखनऊ में एक इंश्योरेंस कंपनी में नौकरी करती थी. खबर है कि वो कथित तौर पर पिछले तीन महीने से नशा करने लगा था और इस बात को लेकर अक्सर घर पर झगड़ा होता था. पत्नी प्रियंका उसे नशा मुक्ति केंद्र ले जाना चाहती थी लेकिन उसे इसमें बेइज्जती महसूस होती थी.
ये भी पढ़ें- राजस्थान में गर्भवती महिला के रेप और हत्या के बाद गुस्साए लोगों ने गांव के 3 घर जला दिए
रिपोर्ट के मुताबिक, इसी बात को लेकर 10 मई की रात को भी झगड़ा हुआ था. काफी देर तक बहस के बाद गांव वालों ने मामला शांत करावाया था. हालांकि अगली सुबह मौका मिलते ही अनुराग ने कथित तौर पर पूरे परिवार की हत्या कर दी. उसने ऐसा क्यों किया इस बात की जांच की जा रही है.
वीडियो: तारीख: 25 साल पुराना मर्डर केस, भंडारा खाने के चक्कर में फंस गया आरोपी












