The Lallantop

भगोड़े नीरव मोदी के खिलाफ सरकारी गवाह बनेंगे बहन और जीजा

पूर्वी और मयंक ने नीरव से जुड़े ज़रूरी सबूत भी देने की बात कही है.

Advertisement
post-main-image
नीरव मोदी इस वक्त इंग्लैंड की जेल में है. भारत सरकार उसके प्रत्यर्पण की कोशिश कर रही है.
पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के प्रमुख आरोपी और हीरा कारोबारी नीरव मोदी के खिलाफ अब उनकी बहन और बहनोई ही गवाही देंगे. दोनों ने सरकारी गवाह बनने का फ़ैसला लिया है. ये गवाही वो प्रवर्तन निदेशालय यानी ED द्वारा दर्ज किए गए मनी लॉन्ड्रिंग के दो केसों में देंगे. दिसम्बर 2020 में नीरव की बहन पूर्वी मेहता और उनके पति मयंक मेहता ने कोर्ट के सामने दरखास्त दी थी कि वो नीरव मोदी से दूरी बढ़ाना चाहते हैं. नीरव की कथित आपराधिक गतिविधियों की वजह से उनका व्यक्तिगत और प्रोफेशनल जीवन रुक सा गया है. उन्होंने ख़ुद को गवाह की तरह पेश करने की बात कही. नीरव से जुड़े ज़रूरी सबूत भी पूर्वी और मयंक देने को तैयार थे. उनकी इस अर्ज़ी को स्पेशल कोर्ट ने अब मंज़ूरी दे दी है. जीजा ने कहा था, शॉक में हैं इंडिया टुडे ने साल 2018 में हॉंगकॉंग में मयंक मेहता से बात की थी. तब परिवार ने कहा था कि नीरव मोदी के कारनामों की वजह से परिवार शॉक में है. उन्होंने कहा था,
“हम ख़्वाब में भी नहीं सोच सकते थे कि नीरव मोदी इतने बड़े घोटाले में शामिल हो सकता है. हम ख़ुद पूरा मसला समझने की कोशिश कर रहे हैं. तथ्य तो तथ्य हैं, और उन्हें झुठलाया नहीं जा सकता है. हम अपने परिवार को इससे अलग रखना चाहते हैं. हमारे बच्चे आज भी पूछते हैं कि उनके अंकल गूगल पर न्यूज में क्यों दिखाई दे रहे हैं.”
साल 2018 में ED ने अपनी चार्जशीट में पूर्वी, मयंक और दूसरे लोगों का ज़िक्र किया था. साथ ही इनके नाम पर मौजूद संपत्ति का भी उल्लेख किया था. ED ने आरोप लगाया था कि PNB से जो पैसों का घोटाला किया गया, उन्हें पूर्वी और मयंक के कुछ ट्रस्ट और कम्पनियों में लगाया गया था. नीरव का मामला क्या है? नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक को करीब 13,500 करोड़ का चूना लगाने के आरोप हैं. सीबीआई ने उसके खिलाफ 29 जनवरी, 2018 और 15 फरवरी, 2018 को धोखाधड़ी आदि धाराओं में केस दर्ज किया था. साल 2019 में नीरव मोदी को भगोड़ा घोषित कर दिया गया था. कुछ दिनों बाद नीरव मोदी को हिरासत में ले लिया गया. उसे प्रत्यर्पण करके भारत लाने की कवायद चल रही है. उसके लिए लंदन कोर्ट में मामले की सुनवाई हो रही है. नीरव अभी जेल में है. पूर्वी और मयंक के गवाह बनने के बारे में ये ख़बर भी सामने आ रही है कि दोनों अभी हॉंगकॉंग में ही रहेंगे. वीडियो कॉन्फ़्रेन्सिंग के जरिये कोर्ट की प्रक्रिया में शामिल होंगे. दोनों ने यात्रा कर पाने में असमर्थता जतायी है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement