The Lallantop

ED का आरोप PMC बैंक घोटाले के आरोपी की पत्नी ने संजय राउत की पत्नी को 67 लाख दिए

ED ने वर्षा राउत से पूछताछ के लिए 5 जनवरी को बुलाया.

Advertisement
post-main-image
संजय राउत और उनकी पत्नी वर्षा. संजय राउत ने इसे राजनीतिक साज़िश बताया है. कहा है कि परिवार को बीच में घसीटा जा रहा है. (फाइल फोटो)
संजय राउत. शिवसेना के सांसद और पार्टी के मुखपत्र सामन के संपादक. नए साल में राउत की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. प्रवर्तन निदेशालय (ED) संजय राउत की पत्नी वर्षा से पूछताछ करेगा. आरोप है कि PMC बैंक घोटाले के आरोपी प्रवीण की पत्नी ने वर्षा को 67 लाख रुपए दिए थे. इसी लेन-देन को लेकर Ed जांच कर रहा है. दरअसल ED ने PMC बैंक लोन घोटाले मामले में बिज़नेसमैन प्रवीण राउत की करीब 70 करोड़ रुपए की संपत्ति कुर्क की थी. प्रवीण और उनके परिवार के लोगों के लेन-देन की जांच की गई तो पता चला कि उनकी पत्नी माधुरी के अकाउंट से संजय राउत की पत्नी के नाम पर ट्रांज़ैक्शन हैं. इसी के बाद वर्षा राउत भी जांच के घेरे में आ गईं. ED का कहना है कि प्रवीण राउत ने PMC बैंक से हाउसिंग डेवलपमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के नाम पर ग़लत तरीके से 95 करोड़ रुपए का लोन लिया. आरोप है कि बैंक के पास इस लोन से जुड़े कोई कागज़ात नहीं हैं. यही जांच जब आगे बढ़ी तो पता चला कि प्रवीण राउत ने अपनी पत्नी के अकाउंट में 1.6 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए थे. फिर ED ने पता किया कि प्रवीण की पत्नी माधुरी के अकाउंट में गए इन 1.6 करोड़ रुपए का क्या हुआ. तो पता चला कि इनमें से करीब 55 लाख रुपए संजय राउत की पत्नी वर्षा के अकाउंट में ट्रांसफर किए गए. ये सारे ट्रांज़ैक्शन 2010-11 के हैं. ED का कहना है -
“इस रकम (55 लाख) का इस्तेमाल मुंबई के दादर में फ्लैट खरीदने के लिए किया गया. जांच से ये भी पता चला है कि वर्षा और माधुरी अवनी कंस्ट्रक्शन नाम की कंपनी में पार्टनर हैं. वर्षा राउत ने 5625 रुपए लगाकर इस कंपनी से भी 12 लाख रुपए का लोन लिया है. ये लोन अभी भी बाकी है.”
इससे पहले संजय राउत ने इसे राजनीतिक साज़िश बताते हुए कहा था –
“ईडी ने 10 साल पुराना केस निकाला है. पत्नी और बच्चों को इस लड़ाई में मत खींचो, बाकी जो चाहो करो. हम मिडिल क्लास के लोग हैं. मेरी पत्नी टीचर है. पत्नी ने दोस्त से 50 लाख का कर्ज लिया था. राज्यसभा के हलफनामे में इसका जिक्र है. इनकम टैक्स में भी यह दिखाया गया है. यह छिपाई हुई बात नहीं है. इससे ED और BJP को क्या तकलीफ है? इस देश में BJP के लिए बड़े-बड़े सूरमा बैठे हैं. अगर मैं उनके परिवार तक पहुंचा तो उन्हें देश छोड़कर भागना होगा.”
ख़ैर, ED ने वर्षा राउत को 5 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement