The Lallantop

यूपी: आवारा सांड ने किया जवान पर हमला, सीने में घोंप दी सींग, मौत

Bull attack PRD Jawan News : जवान अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर जा रहे थे. तभी अचानक सांड ने उन पर हमला कर दिया. इससे वो बाइक समेत ज़मीन पर गिर गए. फिर सांड ने उनके सीने में अपनी सीन घोंप दी.

Advertisement
post-main-image
सांड के पहले हमले से जब पीआरडी जवान गिरे, तो सांड ने सींग से उन पर कई बार हमला किया. (प्रतीकात्मक तस्वीर - सोशल मीडिया)

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में एक बार फिर आवारा सांड का आतंक सामने आया है. यहां सहारनपुर में सांड ने एक प्रांतीय रक्षा दल (PRD) जवान पर इतना जोरदार हमला किया कि जवान की मौत हो गई. सांड के पहले हमले से जब पीआरडी जवान गिरे, तो सांड ने सींग से उन पर कई बार हमला किया. उन्हें तुरंत बाद अस्पताल तो पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पीआरडी जवान का नाम ललित कुमार बताया गया. वो बड़गांव में तैनात थे. दरअसल, गंगोह इलाक़े के राजपुर के रहने वाले ललित कुमार अपनी ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर जा रहे थे. घटना 15 सितंबर की रात की बताई गई. नानौता से लगभग 5 किलोमीटर देवबंद रोड पर स्थित कचराई गांव के पास ये हमला हुआ. तभी अचानक सांड ने उन पर हमला कर दिया. इससे वो बाइक समेत ज़मीन पर गिर गए. ऐसे में सांड ने उनके सीने में अपनी सींग घोंप दी.

जब आसपास के लोगों ने ये देखा, तो उन्हें बचाकर नजदीकी CHC ले जाया गया. हालत नाजुक देखते हुए, उन्हें ज़िला अस्पताल रेफ़र किया गया. हालांकि, उनकी जान नहीं बच पाई. डॉक्टर्स ने पीआरडी जवान को मृत घोषित कर दिया. फिलहाल, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.

Advertisement

रिपोर्ट्स के मुताबिक़, शव मिलने के बाद ललित कुमार के परिवार वालों का बुरा हाल है. घरवालों का कहना है कि ललित कुमार घर में अकेले कमाने वाले थे. उनकी मौत के बाद घर में आर्थिक संकट की स्थिति बन गई है. घरवालों ने सरकार से आर्थिक सहायता की मांग की है, जिससे गुजारा हो पाए. बता दें, उत्तर प्रदेश में PRD यानी प्रांतीय रक्षक दल ऐसा वैकल्पिक सुरक्षा बल है, जो ‘राज्य में सार्वजनिक शांति और समुदाय के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा के लिए काम करता है.’

ये भी पढ़ें - फसल की रखवाली के लिए किसान ने ऊंट रखा था, जंगली सांड ने हमला कर मार डाला

बीते दिनों, कर्नाटक के बेंगलुरु से भी सांड के हमले की घटना ने सबका ध्यान खींचा था. एक सांड ने स्कूटी सवार व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी. इससे वो ज़मीन पर जा गिरा. उसी वक्त उसके बिल्कुल पास एक ट्रक गुजरा. आदमी ट्रक के बीच में आकर गिरा. फिर जो हुआ, उसी वजह से इस ख़बर की ख़ूब चर्चा हुई. व्यक्ति इस घटना में बच गया. टाइम पर ब्रेक लगाने के लिए ट्रक ड्राइवर की ख़ूब तारीफ़ें हुईं.

Advertisement

वीडियो: अखिलेश यादव ने सांड हमलों पर योगी आदित्यनाथ को विधानसभा में क्या सलाह दे दी?

Advertisement