रूस और यूक्रेन के बीच चल रही जंग अब और ज्यादा भयानक रूप ले चुकी है. हाल ही में यूक्रेन की राजधानी कीव पर हुए भीषण हवाई हमलों में 14 लोगों की मौत हो गई है. इन हमलों से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और भारी तबाही देखने को मिली है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये हमले बुधवार 5 अगस्त की सुबह के वक्त किए गए. हमले की चपेट में आकर कई रिहायशी इमारतें और गोदाम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
यूक्रेन पर रूस का जवाबी हमला, कीव पर रातभर एयर स्ट्राइक, 14 की मौत, वेयर हाउस में लगी भीषण आग
Russia-Ukraine War Intensifies: रूस और यूक्रैन की जंग के बीच कीव में हुए खतरनाक हवाई हमलों में 14 लोगों की मौत हो गई है और कई गोदाम जलकर खाक हो गए हैं. इससे पहले रूस के ब्लैक सी तट पर स्थित गेलेंदझिक के पास एक बीच पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन बच्चों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी.

समाचार एजेंसी ‘रॉयटर्स’ के मुताबिक इस ताबड़तोड़ हमले के बाद शहर के कई हिस्सों में भयंकर आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीमों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी. कीव के मेयर विटाली क्लिट्सको ने जानकारी दी कि शहर के केंद्र के पास एक बड़ा गोदाम पूरी तरह तबाह हो गया है. बचाव दल ने मलबे के अंदर से कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है.
राहत और बचाव कार्य अभी भी तेजी से चल रहा है और आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कुछ और लोग दबे हो सकते हैं. इस हमले में लगभग 27 लोग घायल भी हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
अमोनिया लीक का खतरा
कीव प्रशासन ने CNN को बताया कि इन हमलों की वजह से एक अमोनिया लीक की समस्या भी पैदा हो गई थी. जिस पर आपातकालीन कर्मियों ने तुरंत काबू पा लिया. रूस लगातार अपनी रणनीति बदलते हुए बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन हमलों का दायरा बढ़ा रहा है. पिछले कुछ हफ्तों में हमलों की तीव्रता में काफी इजाफा हुआ है.
यूक्रेन ने मांगे इंटरसेप्टर्स
दूसरी तरफ, यूक्रेन भी लगातार अपने सहयोगियों से आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम और पैट्रियट इंटरसेप्टर्स की मांग कर रहा है ताकि रूसी हमलों को हवा में ही नाकाम किया जा सके.
रूस पर भी हुआ था हमला
एक दिन पहले ही (4 अगस्त को) रूस के ब्लैक सी तट पर स्थित गेलेंदझिक के पास एक बीच पर ड्रोन हमले में तीन बच्चों समेत कम से कम सात लोगों की मौत हो गई थी. इस हमले में 40 लोग घायल भी हुए थे. रूस ने इस हमले के लिए यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया था.

हालात और हो सकते हैं गंभीर
जानकारों का मानना है कि दोनों देशों के बीच ये संघर्ष थमने का नाम नहीं ले रहा है. आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है. संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार मानिटर्र्स ने भी बढ़ते नागरिक हताहतों पर गहरी चिंता व्यक्त की है.
ये भी पढ़ें: यूक्रेन के 'पुरुष सैनिकों का रेप' करवा रहा रूस, रिपोर्ट में पीड़ितों ने वजह बताई
फरवरी 2022 में शुरू हुई इस जंग के बाद से नागरिकों के मारे जाने का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है. जो दोनों देशों के साथ-साथ पूरी दुनिया के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है. इस पूरी घटना की प्रामाणिक जानकारी द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट से ली गई है, जिसका यूआरएल
वीडियो: यूक्रेन ने रूस का कौन सा गोदाम फूंक दिया?













