अंदाज अपना-अपना. शादी को यादगार बनाने के लिए हर कोई कुछ नया करता है. ये नयापन केरल के बल्लेबाज़ सचिन बेबी ने भी दिखाया है. बहुत ही क्यूट है. उन्होंने अपनी शादी का ऐलान इस तरह से किया है कि बाकी भी अपनी शादी को खास बनाने के लिए सोचने लगेंगे. इस वीडियो में मैदान है. क्रिकेट है. प्यार है और भी बहुत कुछ.
केरल के बल्लेबाज हैं सचिन बेबी. पांच जनवरी 2017 को शादी करने जा रहे हैं. अपनी गर्लफ्रैंड एना चांडी के साथ. दोनों की डेढ़ साल पहले सगाई हो गई थी. दोनों ने अपनी शादी की तारीख एक वीडियो के जरिये लोगों को बताई है.
सचिन बेबी और एना ने आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जर्सी पहनी है. और दोनों ने स्टेडियम में क्रिकेट खेलते हुए अपनी शादी की तारीख बताई है. वीडियो शुरू होता है. सचिन तेंदुलकर को थैंक्स कहने के साथ. सचिन बेबी पैड पहनते हैं. उनके पीछे सचिन तेंदुलकर की बड़ी सी तस्वीर लगी है. बल्ला और हेलमेट संभाले मैदान की तरफ बढ़ते हैं. सचिन-सचिन के नारे गूंजने लगते हैं. स्लो मोशन में वीडियो आगे बढ़ता है. एना अपने बालों को संभालती हैं. हाथ में बॉल. बॉलिंग की तैयारी. निगाहों से निगाहें मिलाते हुए सचिन स्टंप की तरफ बढ़ रहे हैं. एना हाथ में बॉल उछाल रही हैं. मगर निगाहें सचिन से इश्क फरमा रही हैं. बालिंग की पूरी तैयारी. एना दौड़ते हुए आती हैं और बॉल डालती है. बस फिर क्या था सचिन इश्क़ में ऐसे गिरफ्तार हुए कि पहली बॉल पर ही बोल्ड हो जाते हैं.
रूमानी अंदाज में सचिन घुटनों के बल बैठते हैं. और फिर एना करीब आती हैं इस लम्हें को लफ़्ज़ों में उकेरना मेरे लिए मुश्किल है ये तो आपको देखना ही पड़ेगा. क्योंकि इश्क़ किया जाता है. बताया या लिखा नहीं जाता. आईपीएल की ट्रेडमार्क धुन बजने लगती है. एक मिनट 48 सेकंड के वीडियो के आखिर में सचिन और एना की शादी की तारीख लिखी आती है. मैसेज होता है 'सेव द डेट' 
सचिन बेबी ने 2009 में केरल की ओर से डेब्यू किया था. वे अब तक 47 प्रथम श्रेणी मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 2092 रन है. अभी केरल के कैप्टन हैं. सचिन बेबी आईपीएल में आरसीबी की ओर से ही खेलते हैं. वे नौंवें सीजन में इस टीम से जुड़े थे. इस सीजन में उन्होंने 11 मैचों में 119 रन बनाए थे. वे आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से भी खेल चुके हैं. रॉयल्स की ओर से उन्होंने चार मैच खेले थे. उनकी होने वाली बीवी एना बीडीएस ग्रेजुएट हैं. वह सिविल सर्विसेज एग्जाम की तैयारी कर रही हैं. सचिन और एना साल 2014 से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं. सचिन और एना की शादी थोडुपुझा के सेंटर सेबेस्टियन चर्च में होगी.
बेबी का क्यूट वीडियो देख लो
https://www.youtube.com/watch?v=yDag2FR0IJc