यूपी के संभल जिले में जमानत पर छूटे रेप के आरोपी ने एक नाबालिग पीड़िता की गोली मारकर हत्या कर दी. पीड़िता देर रात अपने भाई और मां के साथ बाइक पर घर जा रही थी. इसी दौरान बदमाशों ने बाइक रुकवाकर सरेराह पीड़िता को गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी अपने मामा के साथ मौके से फरार हो गया.
यूपी: जमानत पर बाहर आए रेप आरोपी ने नाबालिग पीड़िता की गोली मारकर हत्या कर दी
यूपी के संभल में जेल से छूटकर आए रेप के आरोपी ने पीड़ित युवती की उसके भाई और मां के सामने गोली मारकर हत्या कर दी. पीड़िता देर रात बाइक से भाई-मां के साथ घर जा रही थी.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हत्या के आरोपी पर इसी साल फरवरी में नाबालिग की किडनैपिंग और रेप का आरोप लगा था. वहीं आरोपी के मामा पर आरोप लगा था कि उसने इस अपराध को अंजाम देने में आरोपी की मदद की. इन दोनों को जेल भेजा गया था. दोनों आरोपी कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आए थे. अब, हत्या के मामले में दोनों आरोपियों को तलाशने के लिए पुलिस ने तीन टीमें बनाई हैं.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 14 वर्षीय मृतका मूल रूप से संभल के एक गांव की रहने वाली थी. पिछले साल उसका परिवार गाज़ियाबाद में रहने चला गया था. हत्या का आरोपी भी वहीं मजदूरी करता था. पीड़िता के पिता ने इस साल फरवरी में साहिबाबाद थाने में पीड़िता के अपहरण और बलात्कार का मामला दर्ज कराया था. गाजियाबाद पुलिस ने 20 वर्षीय मुख्य आरोपी और प्रकरण में साथ देने वाले उसके मामा को गिरफ्तार कर जेल में बंद कर दिया था. दोनों आरोपी 6 सितंबर को जमानत पर बाहर आए थे.
आजतक से जुड़े अभिनव माथुर की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार 18 सितंबर की शाम को पीड़िता अपनी मां के साथ गाजियाबाद से संभल अपने घर बस से आ रही थी. बाद में पीड़िता का भाई दोनों को बाइक से लेने पहुंचा और रात साढ़े दस बजे घर लौट रहा था. जैसे ही बाइक सवार तीनों लोग भमौरी पट्टी गांव के पास पहुंचे, तभी दोनों आरोपियों ने बाइक सवार तीनों लोगों को रोक लिया. इसके बाद एक आरोपी युवती के बाल पकड़ कर खींचने लगा. जबकि रेप के आरोपी ने युवती को दो गोली मारकर हत्या कर दी. इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. हादसे में पीड़िता की मां और भाई सुरक्षित रहे.
घटना की जानकारी मिलने के बाद कैलादेवी थाना पुलिस और सीओ घटनास्थल पर पहुंचे. इसके बाद पुलिस की टीम ने मृतका के भाई और मां से घटना की जानकारी ली. हादसे पर संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया,
“घटना के अपराधियों को पकड़ने के लिए हमने एक स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) का गठन किया है. आरोपियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी के बावजूद उनका अभी तक पता नहीं चल पाया है. साथ ही हम यह भी जांच कर रहे हैं कि पीड़िता के साथ आई मां और उसके भाई पर हमला क्यों नहीं किया गया? ”
वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने पर आगे की जांच की जाएगी.
वीडियो: Haryana में बात करते आपस में भिड़े BJP-कांग्रेस समर्थक, बंद करना पड़ा कैमरा






















