The Lallantop

2 करोड़ की रिश्वत का मामला, अरेस्ट के बाद ASP दिव्या मित्तल ने पूरा राज खोल दिया!

कहां तक जाता है पैसा, कौन-कौन शामिल, दिव्या ने सब बता दिया

Advertisement
post-main-image
दिव्या मित्तल (फोटो- आज तक)

राजस्थान (Rajasthan) की एंटी करप्शन यूनिट (ACB) ने अजमेर (Ajmer) में रिश्वत लेने के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है. ACB के जयपुर विंग ने स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की एडिशनल एसपी दिव्या मित्तल (Divya Mittal corruption case) के आवास की तलाशी ली. जिसके बाद दिव्या मित्तल को गिरफ्तार कर लिया गया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
दिव्या ने बताया कई अधिकारी हैं शामिल

आज तक से जुड़े चंद्रशेखर शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक दिव्या मित्तल ने बताया कि ये उन्हें ड्रग माफियाओं को पकड़ने का इनाम मिला है. दिव्या के मुताबिक अजमेर के कई अधिकारी ड्रग मामले में शामिल हैं.

दरअसल, राजस्थान की एंटी करप्शन यूनिट दो करोड़ रुपये की रिश्वत लेने के मामले की जांच कर रही है. ACB ने इसी मामले में दिव्या मित्तल को गिरफ्तार किया है. दिव्या ने बताया कि यहां ड्रग माफियाओं का रैकेट चलता है. और वो उन्हें लगातार ट्रैक कर रही थीं. इस वजह से उनके खिलाफ ये कार्रवाई की जा रही है.

Advertisement

दिव्या मित्तल के मुताबिक इस मामले में अजमेर के कई बड़े अधिकारी शामिल हैं. रिश्वत की रकम ऊपर तक पहुंचती है. दिव्या के इस खुलासे ने अजमेर पुलिस को भी कठघरे में लाकर खड़ा कर दिया है. अब इस मामले में ACB की टीम जांच कर रही है और पता लगा रही है कि रिश्वत की रकम कहां तक जाती है.

इस मामले में ACB के एडिशनल एसपी बजरंग सिंह का बयान भी सामने आया है.

बजरंग सिंह ने बताया,

Advertisement

“इस मामले को लेकर एक व्यक्ति ACB के मुख्यालय आया था. व्यक्ति ने इस बात की सूचना दी थी कि उसके खिलाफ एक शिकायत दर्ज होने के बाद उसमें से नाम हटाने के बदले में दो करोड़ रुपये की डिमांड की गई. उस व्यक्ति ने कहा था कि इस मामले में इसका कोई दोष नहीं है.”

बजरंग सिंह के मुताबिक उस व्यक्ति ने बताया कि जब वो अधिकारी दिव्या मित्तल के पास गया तो उन्होंने उससे उदयपुर की तरफ जाने को कहा. जहां उसके पास एक फोन आएगा. उस व्यक्ति ने बताया कि थोड़ी देर बाद उसके पास एक कॉल आई और वो उदयपुर के लिए रवाना हो गया. उदयपुर में उससे दो करोड़ की मांग की गई. मना करने पर उसे डराया गया और कहा गया कि एक करोड़ से कम में काम नहीं होगा. जिसके बाद व्यक्ति ने इसकी जानकारी ACB को दी.

क्या है मामला?

राजस्थान की अजमेर पुलिस ने साल 2021 में 16 करोड़ रुपये से ज्यादा की नशीली दवाओं की एक खेप पकड़ी थी. इसमें से जयपुर में साढ़े पांच करोड़ ओर अजमेर से 11 करोड़ रुपये की दवाओं के साथ आरोपी पकड़े गए थे. इस मामले में आरोपियों का नाम हटाने के बदले में दिव्या मित्तल पर रिश्वत मांगने के आरोप लगे. मामले में रिश्वत लेने की जानकारी एक शख्स ने 4 जनवरी को ACB को दी थी. जिसके बाद ACB ने कार्रवाई शुरू की.   

वीडियो: ‘कौन LG, कहां से आया LG’, भड़के अरविंद केजरीवाल विधानसभा में और क्या क्या बोल गए?

Advertisement