The Lallantop

अन्नामलाई पर सस्पेंस खत्म, BJP से दिया इस्तीफा, नई पार्टी बनाने और चुनाव लड़ने पर दिया जवाब

Tamil Nadu Politics: बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने K Annamalai का इस्तीफा मंजूर कर लिया है. समर्थकों को संबोधित करते हुए अन्नामलाई ने कहा कि वे तमिलनाडु की राजनीति में एक नया रास्ता बनाने के लिए अकेले लड़ेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी नई पार्टी आने वाले चुनाव लड़ेगी.

Advertisement
post-main-image
के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा दे दिया है. (फाइल फोटो: इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • तमिलनाडु के पूर्व BJP प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया और उन्होंने यह इस्तीफा पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन को सौंपा तथा इसे मंजूर भी किया गया।
  • अन्नामलाई का इस्तीफा मुख्यतः तमिलनाडु को लेकर उनकी राजनीतिक राय BJP नेतृत्व की राय से मेल नहीं खाने और मतभेदों के कारण आया, जो लगभग 18 महीनों की बातचीत के बाद हुआ।
  • इस्तीफा देने के बाद अन्नामलाई ने अपनी नई पार्टी अन्नामलाई मक्कल इयक्कम शुरू की है, जो आने वाले चुनावों में हिस्सा लेगी और इसे अब तक 3,000 से अधिक स्वयंसेवकों का समर्थन मिला है।

तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन को इस्तीफा सौंपा. उन्होंने इसे मंजूर भी कर लिया है. समर्थकों को संबोधित करते हुए अन्नामलाई ने कहा कि वे तमिलनाडु की राजनीति में एक नया रास्ता बनाने के लिए अकेले लड़ेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी नई पार्टी आने वाले चुनाव लड़ेगी.

Advertisement

बीजेपी के एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, 

“भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने तमिलनाडु के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से दिया गया इस्तीफा स्वीकार कर लिया है.”

Advertisement
BJP accepts K Annamalai’s resignation
(फोटो: ITG)
अगला चुनाव लड़ेंगे अन्नामलाई

बीजेपी से इस्तीफा देने के बाद के. अन्नामलाई ने कहा कि वह एक नया राजनीतिक आंदोलन शुरू करेंगे. उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक आंदोलन का मकसद ‘व्यक्ति-केंद्रित राजनीति’ को खत्म करना है. अन्नामलाई ने कहा कि वह जो नई पार्टी शुरू करने का प्लान बना रहे हैं, वह आने वाले चुनाव लड़ेगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि जाने-माने एक्टर रजनीकांत ने उनसे हाथ मिलाने की रिक्वेस्ट की थी, हालांकि उन्होंने इसके बजाय अपना खुद का पॉलिटिकल मूवमेंट चुना है.

इस्तीफे की वजह क्या बताई?

अपने इस्तीफे के बारे में बताते हुए अन्नामलाई ने कहा कि तमिलनाडु को लेकर उनकी राय बीजेपी लीडरशिप की राय से मेल नहीं खाती थी. उन्होंने बताया कि मतभेदों को दूर करने के लिए उन्होंने पिछले 18 महीनों में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से कई बार बातचीत की थी.

के अन्नामलाई ने कहा कि उनके नए शुरू किए गए मूवमेंट अन्नामलाई मक्कल इयक्कम (AMI) को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है. उनके मुताबिक, 3,000 से ज्यादा लोगों ने वॉलंटियर के तौर पर रजिस्टर किया है. जनता से मिल रहे समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि लोगों की भागीदारी उम्मीद से कहीं ज्यादा रही.

Advertisement

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में BJP के लिए बड़ा झटका, अमित शाह के करीबी अन्नामलाई का इस्तीफा

अन्नामलाई ने तीन दिन पहले दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी. सूत्रों के मुताबिक, वह बीजेपी से बिना किसी मनमुटाव या टकराव के सम्मानजनक विदाई चाहते थे. 

पहले से ही ये अटकलें थीं कि अन्नामलाई बीजेपी छोड़ नई पार्टी बनाने पर विचार कर रहे हैं. ये बात तब उठने लगी थी, जब उनके समर्थकों के एक संगठन ने अपने दल में नए लोगों की भर्ती शुरू कर दी. इसके अलावा, कोयंबटूर में लगे अन्नामलाई के ‘निडर दिमाग की कोई सीमा नहीं होती’ वाले पोस्टर्स भी इस संभावना को बल देते रहे.

अन्नामलाई की पार्टी से नाराजगी नई नहीं है. एआईएडीएमके और बीजेपी के गठबंधन के बाद से ही वो पार्टी में किनारे लगाए जा रहे हैं. जब-तब दबी जुबान से इसे लेकर उनकी नाराजगी दिखती भी रही. हालिया तमिलनाडु चुनाव में उन्होंने पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया था. कहा ये भी गया कि वह चुनाव में अपने लोगों को टिकट दिलाना चाहते थे लेकिन वह भी नहीं कर पाए. 

वीडियो: राजधानी: क्या अन्नामलाई ने बीजेपी को ठेंगा दिखा दिया?

Advertisement