न्यूयॉर्क दुनिया के सबसे चमकदार शहरों में से एक है. यूं तो यहां रात और दिन का फर्क नहीं होता. लेकिन इन दिनों शहर की रातें चर्चा में हैं. वजह है कुछ रहस्यमयी लोग, जो पिछले कुछ दिनों में शहर के गटरों में घुसते और निकलते दिखाई दिए हैं. पुलिस को भी अब तक इनका सुराग नहीं मिल पाया है. वे बस इतना पता लगा पाए हैं कि ये लोग गटर के भीतर कुछ बेहद कीमती चीज तलाश रहे हैं.
न्यूयॉर्क में अजीब घटनाएं, रातों को गटर में उतर रहे लोग, ढक्कन लगाकर गायब हो जाते हैं
न्यूयॉर्क में आम तौर पर तो दिन और रात का फर्क नहीं होता. लेकिन पिछले कुछ दिनों से शहर की रातें रहस्यमयी बनी हुई है. वजह है कुछ लोगों का समूह जो रात के वक्त मैनहोल का ढक्कन हटाकर उसमें उतरते और फिर उससे बाहर निकलते हुए दिखाई दिए हैं. पुलिस इस घटना के पीछे का मकसद पता करने में जुटी है.


लोगों के गटर में घुसते तीन वीडियो रिकॉर्ड हुए
शहर के सिक्योरिटी कैमरों ने कम से कम इस तरह की तीन घटनाओं को रिकॉर्ड किया है, जिसमें रात के वक्त कुछ लोगों का ग्रुप ब्रुकलिन और क्वींस की सड़कों पर मैनहोल का ढक्कन हटाते और उसमें उतरते या उससे निकलते हुए दिखाई दिए हैं.
ब्रुकलिन के विलियम्सबर्ग इलाके में पिछले हफ्ते रिकॉर्ड हुए एक वीडियो में लगभग सात लोगों का एक ग्रुप चौराहे के बीच में बने मैनहोल से बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया है. उस वक्त वहां से कारों का काफिला गुजर रहा था. इनमें से कुछ लोगों ने हेडलाइट्स लगा रखी थीं. उनके पास फावड़े और दूसरे औजार थे. जमीन से बाहर निकलते समय एक व्यक्ति बाल-बाल एक गाड़ी की चपेट में आने से बच गया.
एक और वीडियो में ब्रुकलिन के ही ग्रेव्सेंड इलाके की एक सुनसान सड़क पर रात के करीब 2 बजे एक मैनहोल से सात लोगों का ग्रुप बाहर निकलता हुआ दिखाई दिया. पुलिस के मुताबिक ये लोग रात के करीब 11 बजे के आसपास मैनहोल में घुसे थे. यानी वे लगभग तीन घंटे तक जमीन के भीतर रहे होंगे.
5 मई को वाटरप्रूफ हिप वीडर और दूसरे डिफेंसिव गियर पहने हुए तीन लोग क्वींस की एक सड़क पर मैनहोल का ढक्कन हटाकर उसमें घुसते हुए रिकॉर्ड हुए. जैसे ही पास से गुजर रही गाड़ियां रुकीं. आखिरी शख्स ने ढक्कन बंद कर लिया. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी मीडिया ने पुलिस सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि ये लोग गटर के भीतर किसी कीमती सामान की तलाश में उतरे थे.
हालांकि अभी तक यह साफ नहीं है कि क्या सारी घटनाओं के पीछे एक ही ग्रुप है या फिर अलग-अलग ग्रुप इसमें शामिल है. शहर के पर्यावरण संरक्षण विभाग (DEP) के एक प्रवक्ता ने बताया,
सीवर में घुसना गैरकानूनी और बेहद खतरनाक दोनो है. सीवर में कई तरह के खतरे हो सकते हैं, इनमें हानिकारक और जानलेवा गैसों का रिसाव, अचानक पानी का स्तर बढ़ने की संभावना और क्लोज स्पेस जैसे खतरे शामिल है. इसलिए आम जनता को कभी भी पाइप, नाली, कैच बेसिन, मैनहोल या आउटफॉल में नहीं घुसना चाहिए.
पिछले हफ्ते पुलिस को कई अज्ञात लोगों द्वारा मैनहोल का ढक्कन हटाकर सीवर में घुसने की सूचना मिली थी. इसके बाद न्यूयॉक पुलिस ने जांच शुरू कर दी. विशेष तौर पर ट्रेंड अधिकारियों को सीवर नेटवर्क में भेजा गया. पुलिस ने बताया कि पूरे सीवर नेटवर्क की तलाशी ली गई है. इस दौरान कोई विस्फोटक, हथियार या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जांच में किसी तरह के खतरे का संकेत नहीं मिला है.
न्यूयॉक पुलिस ने आगे बताया कि मैनहोल में घुसने वाले किसी भी शख्स के घायल होने की अब तक कोई खबर नहीं मिली है. पुलिस फिलहाल इस रहस्य की जांच करने में जुटी है कि आखिर ये लोग किस चीज की तलाश में गटर की खाक छान रहे हैं.
वीडियो: गटर गैस से चाय बनाने की बात की बजाए इस बात की चर्चा कर सकते थे मोदी






















