The Lallantop

CM बनकर भी थलपति विजय 'जन नायगन' को बचा नहीं पाए, अब लौटाने होंगे डिस्ट्रीब्यूटर्स के पैसे

'जन नायगन' के मेकर्स को रिलीज़ से पहले ही 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो चुका है.

Advertisement
post-main-image
'जन नायगन' के तमिलनाडु राइट्स 105 करोड़ रुपए में बिके थे.

Thalapathy Vijay की Jana Nayagan 09 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी. मगर सेंसर बोर्ड के अड़ंगे और कोर्ट-कचहरी के चक्कर के कारण ये फिल्म पांच महीनों से अटकी हुई है. इस बीच विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए. ऐसे में प्रोड्यूसर्स ने दावा किया कि ये फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में आ जाएगी. मगर हुआ ठीक उलट. मूवी जो अटकी, सो अटकी. खबर है कि अब मेकर्स डिस्ट्रीब्यूटर्स के पैसे भी लौटाने वाले हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

तमिलनाडु और केरल मिलाकर 'जन नायगन' के थिएट्रिकल राइट्स 115 करोड़ रुपए में बिके थे. ओवरसीज़ मार्केट में मेकर्स ने इसे करीब 80 करोड़ में बेचा था. इसमें से नॉर्थ अमेरिकन राइट्स 25 करोड़ रुपए में बिके. मलेशिया में रिलीज़ करने के लिए डिस्ट्रिब्यूटर ने 12 करोड़ रुपए चुकाए. वहीं फिल्म को सिंगापोर और श्रीलंका में रिलीज़ करने के अधिकार 6.5 करोड़ रुपए में खरीदे गए थे. ये हो गए 43.5 करोड़ रुपए. 80 करोड़ में से बाकी बचे पैसे फिल्म के यूरोप और अन्य मार्केट्स के डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स से आए. इस तरह फॉरेन मार्केट व तमिलनाडु-केरल से ही इसने 195 करोड़ रुपए का बिजनेस कर लिया था. लेकिन फिल्म प्रोड्यूस करने वाली KVN प्रोडक्शंस को अब ये पैसे लौटाने पड़ रहे हैं.

इंडियन एक्सप्रेस से हुई बातचीत में KVN के बिजनेस हेड मोहन सुप्रीत ने खुद इस बात की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मेकर्स जल्द ही डिस्ट्रीब्यूटर्स के पैसे रिफंड कर देंगे. उनका मानना है कि जब तक फिल्म की कोई ठोस रिलीज़ डेट नहीं आ जाती, तब तक लोगों के पैसे अटकाना ठीक नहीं. मोहन ने दावा किया कि पैसे लौटाने का ये फैसला खुद विजय का था. इसलिए मेकर्स ने अपनी तरफ से सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स से बातचीत शुरू कर दी है. हालांकि उनके ऐसा करने से फिल्म का भविष्य संकट में पड़ गया है. साथ ही मेकर्स का वो दावा भी कोरा नजर आ रहा, जहां वो ये कह रहे थे कि विजय के मुख्यमंत्री बनते ही 'जन नायगन' रिलीज़ हो जाएगी.

Advertisement

वैसे, कुछ दिन पहले फिल्म के डायरेक्टर एच विनोद ने हिंट दिया था कि ये मूवी अभी और बड़े संकट में फंसने वाली है. वो चेन्नई में Parimala & Co फिल्म के प्रमोशनल इवेंट में गए थे. वहां किसी ने उनसे 'जन नायगन' की रिलीज़ डेट पूछी. इस पर विनोद कहते हैं,

"ये मैं तय नहीं कर सकता. मेरे अंदर आपको सच बताने की हिम्मत नहीं है. यदि मुझमें हिम्मत हो भी, तब भी आपमें उसे शेयर करने की ताकत नहीं होगी."

विनोद ने स्पेसिफिकली ये नहीं बताया था कि वो किस बारे में बात कर रहे हैं. मगर उनके इस बयान के कुछ दिन बाद ही मेकर्स ने डिस्ट्रीब्यूटर्स के पैसे लौटाने का प्रोसेस चालू कर दिया. वैसे, ये पहला मौका नहीं है जब उन्हें इस तरह का रिफ़ंड करना पड़ा हो. इससे पहले उन्होंने दर्शकों को फिल्म की अडवांस बुकिंग वाले पैसे भी लौटाए थे. वो अमाउंट 50 करोड़ से ज्यादा का था, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. फिल्म की देरी को देख अमेजॉन प्राइम वीडियो ने भी अपनी 120 करोड़ रुपए की OTT डील तोड़ दी थी. बताया जा रहा है कि सेंसर बोर्ड के साथ हुए विवाद के कारण मेकर्स को अब तक वर्ल्डवाइड 200 करोड़ रुपए से भी ज्यादा का नुकसान हो चुका है. बावजूद इसके, फिल्म का कहीं कोई ठौर-ठिकाना नहीं.

Advertisement

वीडियो: 'जन नायगन' फिल्म से Amazon Prime Video ने तोड़ी डील, अब क्या होगा?

Advertisement