The Lallantop

कुत्ता मालिक के पास सो रहा था, तेंदुआ आया, मालिक को छोड़ कुत्ते को उठा ले गया

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Advertisement
post-main-image
घटना पुणे के जुन्नर तालुका के अलेफाटा में हुई है. (फोटो: वायरल वीडियो से स्क्रीनशॉट)

महाराष्ट्र के पुणे में एक व्यक्ति और एक कुत्ता बाहर सो रहे थे. देर रात वहां एक तेंदुआ आया. और मालिक के पास सो रहे कुत्ते को उठाकर ले गया. घटना 14 मई की है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़ीं सुमिता की रिपोर्ट के मुताबिक घटना पुणे के जुन्नर तालुका के अले फाटा में हुई. यहां कल्याण- अहमदनगर हाईवे पर ज्ञानेश्वर माउली बॉडी बिल्डर्स नाम से रिपेयरिंग गैराज है. गैराज के मालिक का नाम है सुदामा मुन्नीलाल शर्मा. सुदामा के बेटे सुधाकर और उनका पालतू कुत्ता रोज की तरह 14 मई को गैराज का बाहर शेड में सो रहे थे. रात करीब ढाई बजे एक तेंदुआ गाड़ियों के बीच से निकल आया और अचानक कुत्ते पर झपट पड़ा. चूंकि तेंदुआ दबे पांव आ रहा था, न सुधाकर को कोई आवाज़ आई और न ही उनका कुत्ता ही कुछ सुन पाया. तेंदुए ने कुत्ते को दबोचा और अपने साथ ले गया. कुत्ते की आवाज सुनकर सुधाकर की नींद टूटी तो ज़रूर, लेकिन जब तक उन्होंने आवाज़ की दिशा में देखा, तेंदुए ने कुत्ते को दबोचकर दौड़ लगा दी थी. 

इस पूरी घटना का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. ट्विटर पर राजन अग्रवाल नाम के यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 

Advertisement

‘पुणे में तेंदुए का खौफ, बाल बाल बचा युवक, कुत्ते को ले गया तेंदुआ.’

ये राहत की बात है कि तेंदुए के हमले से सुधाकर बच गए. लेकिन उन्हें अपने कुत्ते के जाने का अफसोस तो ज़रूर हुआ होगा. शर्मा का कहना है कि उन्होंने पहले भी तेंदुओं को कुत्तों पर हमला करते देखा है. वो चाहते हैं कि जल्द पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ा जाए.

पुणे और आसपास के इलाकों में तेंदुओं का इस तरह नज़र आना नई बात नहीं है. तेंदुए माहिर शिकारी होते हैं और चूंकि ये बड़े इलाके में घूम घूमकर शिकार करते हैं, इन्हें पकड़ना आसान नहीं होता. जब-जब ऐसी घटनाएं होती हैं, तब लोग कुछ दिन सुबह से ठीक पहले के वक्त घर से बाहर निकलने से डरने लगते हैं, क्योंकि प्रायः इसी वक्त तेंदुए रिहाइशी इलाकों में घुसकर शिकार करते हैं. 

Advertisement

Advertisement