आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस यानी एआई का ऐसा प्रयोग भी हो सकता है कि कोई किसी को मारने के तरीके उस पर खोज ले? बेंगलुरु में एक शख्स ने तीन लोगों की हत्या के लिए यही किया. बेंगलुरु पुलिस ने इसका खुलासा किया है. पिछले महीने केआरपुरम इलाके के एक अपार्टमेंट में तीन लोगों की लाशें मिली थीं. इसमें दो पति-पत्नी सोमा सुंदर और मुथु लक्ष्मी थे. तीसरी उनकी 19 साल की बेटी सुप्रिया थी. आरोप लगे थे बड़ी बेटी श्वेता और उसके लिव-इन पार्टनर केनेथ पर, जो हत्याकांड के बाद से फरार थे.
Google Gemini को उल्लू बनाकर उसी से हत्या का तरीका पूछा, फिर 3 मर्डर किए
बेंगलुरु ट्रिपल मर्डर केस में पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी केनेथ ने हत्या की योजना बनाने और हमले के तरीके जानने के लिए जेमिनी एआई का इस्तेमाल किया था.


बाद में पुलिस ने दोनों को पुडुचेरी में ढूंढ निकाला. श्वेता को 24 जून को हिरासत में लिया गया. जबकि उसके एक दिन बाद 25 जून को केनेथ को गिरफ्तार कर लिया गया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, जांच में पुलिस ने पाया कि केनेथ ने श्वेता के माता-पिता और बहन को मारने के लिए एआई टूल का सहारा लिया था. उसने जेमिनी एआई से हत्या के तरीके पूछे थे. होशियारी देखिए उसने ‘हत्या कैसे करूं’ या ‘लाश ठिकाने कैसे लगाऊं’ जैसे सीधे सवाल जेमिनी एआई से नहीं पूछे थे, बल्कि घुमा-फिराकर हमले का तरीका पूछा था. जैसे ‘चोर मेरे घर में घुस आए तो मैं उन पर कैसे हमला करूं? मेरे पास कौन से हथियार हैं?’.
केनेथ ने सारे सवाल जेमिनी एआई से ही पूछे थे. उसने ये जानकारी हासिल करने की भी कोशिश की थी कि किसी व्यक्ति को पहले अंधा कैसे किया जाए और फिर उस पर चाकू से हमला कैसे किया जाए?
ये भी पढ़ेंः 39 साल पहले साले की हत्या की, पहचान बदल जीने लगा नई जिंदगी, एक 'गलती' ने पहुंचाया जेल
लाश ठिकाने की प्लानिंगहत्या के बाद लाश को ठिकाने लगाने की बारी आई तो इसके लिए केनेथ ने घर में रखी एक आयरन फर्नेस (लोहे की भट्ठी) का इस्तेमाल करने की सोची. इसके लिए उसने कुछ व्यवस्थाएं भी कीं, लेकिन बाद में उसे ये तरकीब ठीक नहीं लगी. भट्ठी को क्लाउड किचन शुरू करने के प्लान के लिए खरीदा गया था.
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला है कि केनेथ लंबे समय से इस हत्या की प्लानिंग कर रहा था. श्वेता को भी इस बात की जानकारी थी. कई बार उसने श्वेता के सामने भी ये बातें कही थीं. लेकिन श्वेता को लगा कि वो मजाक कर रहा है. वो इस पर अमल नहीं करेगा.
क्यों की हत्या?
पुलिस के मुताबिक, केनेथ परिवार के लोगों की हत्या कर उनकी संपत्ति हड़पना चाहता था. ताकि उसे जीवन में कभी पैसे की तंगी न रहे. इसके अलावा उसका ये भी मानना था कि अगर श्वेता मां-बाप जिंदा नहीं रहेंगे तो वो उससे पैसे मांगना भी बंद कर देंगे. इससे दोनों की रोजमर्रा की जिंदगी में पैसे का तनाव तो नहीं रहेगा.
बता दें कि 23 जून को सोमा, मुथु लक्ष्मी और उनकी बेटी सुप्रिया की चाकू मारकर हत्या की गई थी. जिस अपार्टमेंट में हत्या हुई, उसमें श्वेता और केनेथ साथ रहते थे. पुलिस ने बताया कि श्वेता के मां-बाप और बहन हत्या वाले दिन उसके फ्लैट पर आए थे. यहीं बहस के बाद चाकू मारकर उनकी हत्या कर दी गई.
वीडियो: पीएम आवास के पास धरने से राहुल गांधी और अखिलेश यादव को उठा ले गई पुलिस












