जम्मू-कश्मीर के पुंछ इलाके में 20 अप्रैल को सेना के एक ट्रक पर आतंकी हमला (Poonch Terrorist Attack) हुआ. हमले में सेना के 5 जवान शहीद हो गए. इंडिया टुडे/आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रक पर पहले ग्रेनेड फेंके गए, फिर तीन तरफ से फायरिंग की गई. जिसके कारण ट्रक के फ्यूल टैंक में आग लग गई. हमले में 5 जवानों की झुलसकर मौत हो गई. वहीं एक जवान घायल बताया जा रहा है.
पुंछ आतंकी हमला: NIA और आर्मी एक्शन में, अब तक क्या-क्या हुआ, 5 प्वाइंट्स में पूरी कहानी
हमले में 5 जवान शहीद. आतंकियों के बारे में क्या पता चला?
.webp?width=360)

भारतीय सेना की 16 कॉर्प्स ने ट्विटर पर जानकारी शेयर करते हुए शहीद जवानों के नाम बताए हैं. हवलदार मनदीप सिंह, लांस नायक देबाशीष बसवाल, लांस नायक कुलवंत सिंह, सिपाही हरकृष्ण सिंह और सिपाही सेवक सिंह इस आतंकी हमले में शहीद हो गए. रिपोर्ट के मुताबिक, सेना को शक है कि इस हमले में चार आतंकी शामिल थे. हालांकि, इसको लेकर अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है. सेना पर हुए इस हमले में अब तक क्या-क्या हुआ, पांच पॉइंट्स में जानते हैं.
1. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने सेना के एक ट्रक पर 20 अप्रैल की दोपहर करीब 3 बजे हमला कर दिया. हमला भीमबेर गली इलाके के पास हुआ. हमले को लेकर सेना ने बताया कि ट्रक पर ग्रेनेड से हमला किया गया था, जिसके बाद ट्रक में आग लग गई. सेना ने कहा कि क्षेत्र में एंटी टेररिस्ट ऑपरेशन के लिए तैनात राष्ट्रीय राइफल्स यूनिट के पांच जवान इस घटना में शहीद हो गए.
2. हमले के बाद इलाके में भारतीय सेना ने घेराबंदी कर ली है और आतंकियों की तलाशी भी शुरू कर दी है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, आतंकियों के बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है. सेना की तरफ से बताया गया कि आतंकियों ने भारी बारिश और कम विजिबिलिटी का फायदा उठाकर ये हमला किया था.
3. सेना के ट्रक पर हुए हमले की जानकारी सामने आते ही सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की. सेना प्रमुख ने राजनाथ सिंह को हमले को लेकर ब्रीफ किया. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर लिखा,
“पुंछ जिले में हुई त्रासदी से दुखी हूं. जहां एक ट्रक में आग लगने के बाद भारतीय सेना ने अपने बहादुर सैनिकों को खो दिया है. इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं शहीद जवानों के परिवारों के साथ हैं.”
4. सेना के ट्रक पर हुए इस आतंकी हमले को जम्मू-कश्मीर में होने वाली G 20 मीटिंग से भी जोड़ा जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक जिस ट्रक पर हमला हुआ उसमें जवान सब्जी और अन्य सामान लेकर जा रहे थे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इसी साल जनवरी-फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आर्मी यूनिट्स को एक एडवाइजरी जारी की थी. बताया गया था कि आने वाले दिनों में बॉर्डर से घुसपैठ बढ़ने की आशंका है. इसकी वजह कश्मीर में होने वाले G 20 समिट को बताया गया.
5. सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (NIA) आज पुंछ पहुंचेगी और इस घटना की जांच शुरू करेगी. दिल्ली से NIA की एक फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंचेगी.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: चीन को पछाड़ मुश्किल में फंसा भारत, अब इस नई मुसीबत से कैसे बचेंगे?






















