सोशल मीडिया पर एक पुलिस कॉन्सटेबल खूब चर्चा में हैं. अतुल शर्मा. उन्होंने एक सांप को CPR देकर उसकी जान बचाई है (Constable Rescues Snake). CPR यानि मुंह से सांस देना. बताया जा रहा है कि सांप कीटनाशक मिले जहरीले पानी में भीगकर बेहोश हो गया था. अपनी जान की परवाह किए बिना अतुल ने सांप को मुंह लगाकर सांस दी. कुछ देर बाद सांप को होश आ गया. सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है. हर कोई अतुल के इस नेक काम की तारीफ कर रहा है.
लोगों के हमले से सांप बेहोश हो गया, पुलिसवाले ने मुंह से सांस देकर सांप की जान बचा ली, Video
ऐसा न सुना होगा, न देखा होगा, सांप के मुंह से अपना मुंह लगा लिया, और जान बचा ली, सोशल मीडिया पर शख्स की खूब सराहना हो रही है.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, मामला मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले का है. वहां रेलवे स्टेशन के पास तवा कॉलोनी स्थित एक घर में एक सांप घुस गया और पाइप में फंस गया. स्थानीय निवासियों ने पाइप में कीटनाशक घोल डाल दिया जिसके बाद वो बेहोश हो गया. पास सेमारी हरिचंद पुलिस चौकी में अतुल शर्मा तैनात थे. जानकारी मिलते ही वो मौके पर पहुंच गए.
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कॉन्सटेबल अतुल ने सांप को साफ पानी में डालकर होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कोई असर नहीं हुआ. इसके बाद अतुल ने सांप को मुंह से सांस देना शुरू किया. बार बार सांस दी. उसे पानी पिलाया. कुछ देर बाद सांप को होश आ गया. उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया.
कॉन्सटेबल अतुल ने बताया कि वो 12वीं क्लास से सांपों को रेस्क्यू करने का काम करते हैं. दावा किया कि 2008 से वो लगभग 500 सांपों को रेस्क्यू कर चुके हैं. हालांकि मुंह में सांस देकर सांप की जान बचाने का ये पहला मामला था. खबर है कि ये सांप धामन प्रजाति का है. ये सांप ज्यादा जहरीले नहीं होते हैं.
ये भी पढ़ें- कोबरा को पकड़कर बैग में डाल रहा था, उंगली में काट लिया, थोड़ी देर में मौत! वीडियो हिला देगा
एक तरफ जहां आए दिन जनावरों के साथ बदसलूकी और उनकी बेरहमी से हत्या के मामले सामने आते हैं. वहीं दूसरी तरफ अतुल शर्मा जैसे लोग हैं जो साबित करते हैं कि मानवता और दयालुता बरकरार है.




















