The Lallantop

बिहार: शराब पीने पर पकड़े गए थे, फिर हवालात में ही शराब पार्टी शुरू कर दी, 2 सिपाही सहित 7 गिरफ्तार

आबकारी विभाग के थाने में ही कैदियों ने की शराब पार्टी, कोल्ड ड्रिंक-चखना भी पहुंचाया गया

Advertisement
post-main-image
शराबबंदी के बावजूद पटना के थाने में जमकर हुई शराब पार्टी | फोटो: आजतक

छोटू भाई वसावा. गुजरात के आदिवासी नेता, विधायक भी हैं. उन्होंने हाल ही में लल्लनटॉप के एक इंटरव्यू में कहा था, ‘गुजरात में शराबबंदी है, इसलिए घरों में शराब नहीं मिलती, थाने में मिल जाती है.’

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अब गुजरात का तो पता नहीं, लेकिन बिहार में जरूर शराब थाने में मिल जाती है. सिर्फ मिलती ही नहीं, थाने में जाकर शराब पार्टी भी कर सकते हैं! ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि मंगलवार, 29 नवंबर की रात पटना में आबकारी विभाग के थाने के हवालात में कैदियों ने जमकर शराब पार्टी की.

शराब के साथ चखना और कोल्ड ड्रिंक भी

आजतक से जुड़े मनोज सिंह की एक रिपोर्ट के मुताबिक ये मामला पटना के पालीगंज का है. आबकारी विभाग ने मंगलवार, 29 नवंबर को 5 लोगों को पालीगंज थाना क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों से पकड़ा था. इसके बाद इन्हें थाने के हवालात में बंद कर दिया गया. बताते हैं कि देर रात ये लोग हवालात में ही शराब मंगाकर पीने लगे. इनके लिए बकायदा चखना और कोल्ड ड्रिंक भी आई थी. थाने में मौजूद किसी व्यक्ति ने हवालात के अंदर चल रही पार्टी का वीडियो बना लिया या और भेज दिया सीधे पुलिस के आला अधिकारियों को.

Advertisement

वीडियो देखते ही पालीगंज एएसपी अवधेश सरोज दीक्षित ने तुरंत पुलिस अधिकारियों की एक टीम को आबकारी विभाग के हवालात में भेजा. हवालात में बंद 5 लोगों को शराब पीते पाया गया. टीम ने तुरंत ही पांचों पर एक्शन लिया. इसके अलावा ड्यूटी पर तैनात दो सिपाहियों को अपने कर्तव्य का पालन नहीं करने के चलते गिरफ्तार कर लिया गया.

पालीगंज ASP अवधेश सरोज दीक्षित ने आजतक को बताया,

पुलिस को एक वायरल वीडियो मिला था. जिसमें में पांच कैदी शराब पी रहे थे. उसके बाद हमने कार्रवाई करते हुए हवालात में छापा मारा. पुलिस ने मौके से शराब पीते हुए पांच कैदियों को पकड़ा है और ड्यूटी पर अपने कर्तव्य का पालन नहीं करने के आरोप में दो सिपाहियों को भी गिरफ्तार कर लिया.

Advertisement

एएसपी ने ये भी बताया कि पुलिस इस मामले की भी छानबीन कर रही है कि आखिर हवालात के अंदर शराब कैसे पहुंची?

गुजरात चुनाव: ये शराबी क्यों बोला- ‘शराबबंदी में डबल शराब मिलती है’

Advertisement