राष्ट्रीय लोकजनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पशुपति पारस ने NDA छोड़ने की खबरों पर विराम लगा दिया है. पशुपति पारस NDA की सीट शेयरिंग से नाराज बताये जा रहे थे. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी तस्वीर शेयर करते हुए पशुपति पारस ने लिखा कि उनकी पार्टी RLJP एनडीए का अहम हिस्सा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके नेता हैं और उनका निर्णय उनके लिए सर्वोपरि है.
पशुपति पारस ने सस्पेंस खत्म किया, नाम के आगे 'मोदी का परिवार' लिखा
बिहार में NDA के लिए अच्छी खबर है. RLJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने ट्वीट कर NDA छोड़ने की खबरों पर विराम लगाते हुए बिहार की सभी सीटों पर NDA को समर्थन देने का एलान किया है. वहीं पारस के भतीजे चिराग पासवान ने अपने कोटे की पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है.

उन्होंने आगे लिखा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एनडीए पूरे देश में 400 सीट जीतेगी और रिकॉर्ड तोड़ बहुमत से सरकार बनाएगी. एक और ट्वीट में पशुपति पारस ने बिहार की सभी सीटों पर एनडीए के समर्थन करने का एलान किया है. अपने एक्स बायो में उन्होंने फिर से ‘मोदी का परिवार’ जोड़ लिया है.
इससे पहले NDA के सीट बंटवारे में एक भी सीट नहीं मिलने से नाराज होकर पशुपति पारस ने केंद्रीय मंत्रीमंडल से इस्तीफा दे दिया था. वो केंद्र सरकार में खाद्य और प्रसंस्करण मंत्री थे. NDA ने पशुपति पारस के भतीजे चिराग पासवान को तो 5 सीटें दीं है. पारस को एक भी सीट नहीं मिली. जिसके बाद नाराज पारस ने कहा था कि उनकी पार्टी के साथ नाइंसाफी हुई है. और अगर उन्हें NDA में उचित सम्मान नहीं दिया गया तो वो स्वतंत्र हैं और उनके लिए दरवाजे खुले हुए हैं. वो कहीं भी जाने को तैयार रहेंगे. इसके बाद से उनके NDA छोड़ने और इंडिया ब्लॉक में शामिल होने के कयास लगाये जाने लगे थे.
लोकसभा चुनाव 2024 में बिहार में भाजपा 17 सीटों पर, नीतीश कुमार की पार्टी जदयू 16 सीटों पर, चिराग की पार्टी 5 सीटों पर चुनाव लड़ेगी. वहीं जीतनराम मांझी कीऐ पार्टी HAM (हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा) और उपेंद्र कुशवाहा की RLM को 1-1 सीट दी गई है. चिराग को हाजीपुर के अलावा वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई की लोकसभा सीट दी गई है.
चिराग पासवान ने की उम्मीदवारों के नाम की घोषणाचिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपने कोटे के पांच सीटों पर उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है. जमुई से अरूण भारती, समस्तीपुर से शांभवी चौधरी, हाजीपुर से चिराग पासवान, वैशाली से वीणा देवी और खगड़िया से राजेश वर्मा के नाम का एलान हुआ है.
हाजीपुर से चिराग का नाम पहले से ही तय था वहीं जमुई से चिराग के बहनोई अरूण भारती को भी पहले ही सिंबल मिल चुका है. और उन्होंने अपना नामांकन भी कर दिया है. चिराग गुट से विद्रोह करके पारस गुट के साथ जाने वाली वीणा देवी को पार्टी ने वैशाली से टिकट दिया है. हालांकि इससे पहले चिराग खुले मंच से गद्दारों को टिकट नहीं देने की बात करते रहे हैं.
ये भी पढ़ें - बिहार: NDA से अलग हो सकते हैं पशुपति पारस, सीट शेयरिंग में नहीं मिला 'उचित सम्मान'
खगड़िया और समस्तीपुर से पार्टी ने नए चेहरों को मौका दिया है. खगड़िया से चिराग ने जदयू के कद्दावर नेता और बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी की बेटी शांभवी चौधरी को टिकट दिया है. शांभवी पूर्व आईपीएस अधिकारी आचार्य किशोर कुणाल की बहू भी हैं. पहले उनकी जमुई सीट से लड़ने की चर्चा थी. समस्तीपुर (SC) सुरक्षित सीट है और इस सीट से वर्तमान में चिराग के चचेरे भाई प्रिंस राज सांसद हैं.
भागलपुर के डिप्टी में रह चुके राजेश वर्मा को चिराग पासवान ने खगड़िया से उम्मीदवार बनाया है. राजेश वर्मा इसके पहले चिराग की पार्टी से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन जीत दर्ज करने में नाकाम रहे थे. वर्तमान में खगड़िया से पारस गुट के महबूब अली कैसर सांसद हैं.
वीडियो: चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस ने मोदी कैबिनेट से इस्तीफ़ा दिया, अब कहां जा सकते हैं?









