The Lallantop

पाकिस्तान की महिला को यूपी में बना दिया गांव का प्रधान!

लॉन्ग टर्म वीज़ा पर भारत में रह रही है महिला.

Advertisement
post-main-image
आरोपी पाकिस्तानी महिला ने खुद को निर्दोष बताया है. फोटो- आजतक
एटा. यूपी का एक जिला. एटा सुर्खियों में है. मामला पाकिस्तान से जुड़ा है लिहाजा चर्चा भी ज्यादा है. तो खबर ये है कि पाकिस्तान की एक नागरिक यहां के एक गांव की प्रधान बन गई. जब ये बात प्रशासन को पता चली तो मानो हडकंप मच गया. अब इस मामले में जांच शुरू हो गई है और FIR के आदेश भी जारी हो गए हैं. बानो बेगम. पाकिस्तान के कराची की रहने वाली हैं. करीब 35-40 साल पहले उनका निकाह एटा के जलेसर के रहने वाले अख्तर अली से हुआ था. उन्होंने कई बार भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन किया जिसे स्वीकार नहीं किया गया. वे लॉन्ग टर्म वीज़ा पर भारत में रह रही हैं. तो हुआ यूं कि साल 2015 में बानो बेगम को ग्राम पंचायत का सदस्य चुना गया था. और 9 जनवरी 2020 को ग्राम प्रधान शहनाज बेगम का निधन हो गया. इसके बाग सदस्यों ने बानो को कार्यवाहक प्रधान चुन लिया. महिला का कहना है कि वो अनपढ़ हैं और कभी उन्होंने पंचायत का कोई चुनाव नहीं लड़ा है. वे अपने पिता के पासपोर्ट और वीज़ा पर भारत आई थीं. जिसके बाद वह लॉन्ग टर्म वीज़ा एक्सटेंशन लेकर भारत में रह रही हैं. महिला का कहना है कि इस मामले में वह पीड़ित हैं और उन्होंने एक स्थानीय नागरिक के कहने पर कुछ कागजों पर अंगूठे लगाए थे. उन्होंने दावा किया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने प्रधान पद पर काम करने वाली पाकिस्तानी महिला से इस्तीफा ले लिया है और जांच के आदेश दिए हैं. जिला पंचायती राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि मजिस्ट्रेट सुखलाल भारत ने इस बात की जांच करने को कहा है कि कैसे एक पाकिस्तानी नागरिक को आधार कार्ड मिला और किन दस्तावेजों के आधार पर उन्हें पंचायत का सदस्य चुना गया. इस बात की भी जांच होगी कि कैसे उन्हें प्रधान चुन लिया गया जबकि गांव के लोगों को उनके पाकिस्तानी होने की जानकारी रही होगी. उन्होंने कहा कि इस बात का खुलासा तब हुआ जब गांव के एक शख्स ने इस बात की शिकायत की. मजिस्ट्रेट ने बानो के खिलाफ भी FIR के आदेश दिए हैं. अधिकारियों ने कहा कि जिन्होंने भी महिला की दस्तावेज बनवाने में मदद की होगी उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement