फवाद खान, माहिरा खान को लेकर खूब वावेला मचा रहा, हद ये कि माहिरा की रईस फिल्म रिलीज़ हो गई, मगर प्रमोशन के लिए उन्हें इंडिया नहीं आने दिया गया. इस तरह धमिकयां मिलीं कि उन्हें रईस की टीम ने दूर ही रखा. फवाद खान को वापस पाकिस्तान जाना पड़ा. फनकारी पर पाबंदी समझ से बाहर है. जबकि ये तो लोगों को करीब लाती है. इनके बाद अब दो और पाकिस्तान अदाकार बॉलीवुड में एंट्री करने जा रहे हैं. नाम हैं अदनान सिद्दीकी और सजल अली. और ये नज़र आएंगे श्रीदेवी के साथ. फिल्म होगी 'मॉम'. फिल्म की शूटिंग हो रही थी. लेकिन पाकिस्तानी अदाकारों पर पाबंदी लग जाने की वजह से इन दोनों को वापस लौट जाना पड़ा था. तब से लेकर अब तक उन्होंने कई बार इंडिया आने के लिए वीज़ा लगाया, लेकिन इजाज़त नहीं मिली. खैर अब उन्हें वीजा मिल गया है.
अदनान सिद्दीकी का कहना, 'वीज़ा मिलने के बाद से मुझे मुबारकबाद की कॉल्स आ रही हैं. और ऐसा लग रहा है जैसे हिंदुस्तान का वीज़ा नहीं जन्नत का टिकट मिल गया हो.'
ऐसा उनका लगना जायज़ है, क्योंकि माहिरा खान ने रईस फिल्म में काम किया लेकिन जब उसका प्रमोशन हुआ तो उन्हें इंडिया नहीं बुलाया गया. राजनीतिक सेना वेना टाइप के लोगों ने ऐसा धमकाया कि फिल्म की टीम ने माहिरा से दूरी बना ली, ताकि फिल्म के रिलीज़ होने में कोई रुकावट पैदा न हो. 'मॉम' फिल्म बोनी कपूर बना रहे हैं. जिसमें श्रीदेवी के अलावा अक्षय खन्ना, सजल अली और अदनान सिद्दीकी नज़र आएंगे. नवाजुद्दीन सिद्दीकी की स्पेशल अपीयरेंस होगी.
अदनान सिद्दीकी कहते हैं, 'शोबिज़ का ताल्लुक सियासत से नहीं होना चाहिए, लेकिन ऐसे हालात बनते हैं कि एंटरटेंमेंट इंडस्ट्री खुद उस कशीदगी की लपेट में आ जाती है.'
अदनान अली पाकिस्तानी मॉडल रहे हैं, और कई पाकिस्तानी सीरियल में काम कर चुके हैं. उन्होंने पाकिस्तानी फिल्मों में 'यलगार' से डेब्यू किया था. हॉलीवुड मूवी 'ए माइटी हार्ट' में भी अदाकारी की है. इस फिल्म में एंजेलिना जोली और इरफ़ान खान थे. हॉलीवुड, लॉलीवुड के बाद अब वो बॉलीवुड में नज़र आएंगे. बंदे ने एक-एक फिल्म करके तीनों जगह अपने नाम की एंट्री करा दी है. क्यों न लगे हाथ साउथ की फिल्मों में भी हाथ आज़मा जाएं.

सजल अली ने साल 2009 में कॉमेडी शो से एक्टिंग की शुरुआत की थी. इसके बाद उन्होंने 'मोहब्बत जाए भाड़ में', मेरी लाडली, सितमगर, गुले राना, सन्नाटा जैसे कई टीवी सीरियल में अदाकारी की. और फिर उनकी पहली पाकिस्तानी फिल्म पिछले साल ही आई. नाम था 'जिंदगी कितनी हसीं है.' सजल अली ने भी अदनान सिद्दीकी की तरह बहुत सारे सीरियल में अदाकरी की है. दोनों पाकिस्तानी सीरियल में एक अलग मक़ाम रखते हैं.

सजल अली की बहन सबूर अली भी एक्ट्रेस हैं. और उन्होंने 2016 में आई पाकिस्तानी फिल्म 'एक्टर इन लॉ' में अदाकारी की है. इस फिल्म में ओम पुरी भी थे.
ये भी पढ़ें