छत्तीसगढ़ के रायपुर में बने एक मॉल की तीसरी मंजिल से गिरकर एक साल के बच्चे की मौत हो गई. हैरत की बात ये बच्चे को किसी ने धक्का नहीं दिया, बल्कि वो अपने पिता के हाथ से फिसल कर गिरा. इस दर्दनाक हादसे का वीडियो भी सामने आया है जिसे देखकर हर शख्स एक पल के लिए सदमे में चला जाए.
मॉल की तीसरी मंजिल पर पिता के हाथ से फिसला बच्चा, मौत हो गई, वीडियो परेशान करने वाला
Raipur के शॉपिंग मॉल में बच्चा पिता की गोद में था. लेकिन पिता दूसरे बच्चे को एस्केलेटर पर चढ़ाने की कोशिश में गोद में लिए बच्चे से पकड़ खो देता है. बच्चा फिसल कर तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया. इसका CCTV भी सामने आया है.

शॉपिंग मॉल में पिता ने अपने एक साल के बेटे को गोद में लिया हुआ था. वो मॉल की तीसरी मंजिल पर थे, एस्केलेटर से ऊपर जा रहे थे. बेटा उनकी गोद में था. तभी उनका ध्यान अपने 5 साल के बेटे पर जाता है. वीडियो में उसे संभालते दिख रहे हैं. लेकिन पल भर के लिए उनका ध्यान गोद में लिए बच्चे से हट जाता है और वो उनके हाथ से फिसल कर सीधे नीचे जा गिरता है. उसकी वहीं मौत हो जाती है. डरा देने वाला ये मंजर वीडियो में कैद हो गया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक़ यह हादसा 19 मार्च की देर रात में हुआ है. शॉपिंग मॉल में चार लोगों का एक परिवार एस्केलेटर पर चढ़ रहा था. पिता एस्केलेटर पर चढ़ने वाला था इसलिए उसने बड़े बेटे को भी एस्केलेटर पर खींचने की कोशिश की. लेकिन इस कोशिश में उसका संतुलन बिगड़ गया और छोटे बच्चे पर से पकड़ छूट गई.
यह भी पढ़ें: पटरी पर गिरा बच्चा, 30 मीटर तक आ गई थी ट्रेन, तब भी बचाने को मां कूद गई, पता है फिर क्या हुआ?
मॉल के CCTV फुटेज में दिखता है कि पहले पिता, उनकी गोद में छोटा बच्चा, फिर उनके साथ को कोई व्यक्ति एस्केलेटर की तरफ़ बढ़ते हैं. बाद में उनका 5 साल का बच्चा आता है. पिता उसका हाथ पकड़ता है लेकिन वो एस्केलेटर पर गिर जाता है और छोटा बच्चा पिता के दूसरे हाथ से नीचे गिर जाता है. ये सब देखकर मॉल में अफरा-तफरी जैसी स्थिति हो गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
जानकारी के मुताबिक, बच्चा करीब 40 फीट की ऊंचाई से जमीन पर गिरा. हादसे के बाद बच्चे को अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. देवेन्द्र नगर पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: मणिपुर हिंसा: 7 महीने पहले मारे गए 87 कुकी लोग, अब एक साथ दफनाए गए, 1 महीने का बच्चा भी शामिल










