हरियाणा के नूह और दूसरे इलाकों में हुई सांप्रदायिक हिंसा के लिए जिम्मेदार कौन? इस सवाल पर बहस जारी है. इस बीच कथित तौर पर हिसार जिले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इसे हिसार के एक इलाके हांसी का बताया जा रहा है. वीडियो में एक विशेष समुदाय के लोग रैली निकालते दिख रहे हैं. इसमें दूसरे समुदाय के रेहड़ी वालों को इलाका खाली करने की खुली धमकी दी जा रही है. रैली में शामिल कुछ लोग कह रहे हैं कि अगर दूसरे समुदाय के लोगों ने इलाका नहीं छोड़ा तो उसके बाद जो होगा उसके लिए वे खुद ज़िम्मेदार होंगे.
नूह हिंसा के बाद हिसार की धार्मिक रैली में विशेष समुदाय को खुली धमकी, वीडियो वायरल
'कान खोलकर सुन लेना. इन रेहड़ी वालों में सिर्फ हिंदू रहेंगे...'
.webp?width=360)

टाइम्स ऑफ इंडिया से जुड़ीं अंकिता आनंद ने ये वीडियो ट्वीट किया है. इसमें कथित तौर पर हिंदू संगठन बजरंग दल का एक नेता कह रहा है,
'खाली कर दो हांसी को, वर्ना उसके बाद जो कार्रवाई होगी उसके जिम्मेदार तुम होगे, ये कान खोलकर सुन लेना. इन रेहड़ी वालों में सिर्फ हिंदू रहेंगे. कोई मुसलमान बाहरी रेहड़ी वाला होगा, तो उसके साथ जो अंजाम होगा दो दिन बाद, उसका जिम्मेदार वो खुद होगा. हमारी कोई जिम्मेदारी नहीं होगी.'
इसके बाद धार्मिक नारे लगे. एक समुदाय के खिलाफ नारेबाजी की गई. 'देश के गद्दारों को, गोली मारो…' वाला नारा सुनने को मिला.
वीडियो कब का है?दैनिक भास्कर की एक रिपोर्ट के मुताबिक नूह की हिंसा को लेकर बजरंग दल ने बुधवार, 2 जुलाई को हांसी में प्रदर्शन किया था. हांसी के शहीदी स्मारक पर इकट्ठा होने के बाद संगठन के लोग बड़सी गेट होते हुए अंबेडकर चौक तक पहुंचे. रिपोर्ट के मुताबिक इस दौरान एक समुदाय के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद रखीं. कुछ दुकानों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात था. विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस अधिकारियों ने SDM मोहित महाराणा को अंबेडकर चौक पर बुला लिया. वहां बजरंग दल के सदस्यों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा.
वहीं सिटी थाना के SHO उदयभान ने कहा कि इस मामले में अभी पुलिस के पास कोई शिकायत नहीं आई है. सुप्रीम कोर्ट के आदेश को देखते हुए क्या कानूनी कार्रवाई की जा सकती है, वह सलाह ले रहे हैं.
वीडियो: नूह हिंसा और नासिर-जुनैद मर्डर पर CID इंस्पेक्टर ने क्या चौकाने वाले खुलासे किए?

















