बिहार के बक्सर (Buxar) जिले में 11 अक्टूबर की रात नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त (North East Express derailed) हो गई. ट्रेन के तीन डिब्बे डीरेल हो गए. ट्रेन दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन से गुवाहटी के कामाख्या स्टेशन जा रही थी. आजतक के रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट में बताया गया है कि ट्रेन की 2 से 3 एसी बोगियां रेल ट्रैक से उतर गईं. ये हादसा रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर रेलवे विभाग के अधिकारी और राहत-बचाव की टीमें पहुंची हैं.
नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस पटरी से उतरी, हादसे में एक व्यक्ति की मौत
बिहार के बक्सर में नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे 11 अक्टूबर की रात 9.35 बजे रघुनाथपुर स्टेशन के पास पटरी से उतर गए. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है.


इस हादसे में तीन लोगों के घायल होने की खबर है. वहीं एक यात्री के मौत की पुष्टि हुई है. बक्सर के SP मनीष कुमार ने जानकारी दी,
“हमने एक डेड बॉडी निकाली है. घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है और भी डिब्बों को सर्च किया जा रहा है.”
उत्तर रेलवे की तरफ से इस हादसे की जानकारी दी गई है. बताया गया कि आनंद विहार टर्मिनल से कामाख्या जा रही ट्रेन नंबर 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसा रात 9.35 बजे दानापुर मंडल के रघुनाथपुर स्टेशन के पास हुआ.
रेल मंत्रालय की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं.
पटना हेल्पलाइन:-9771449971
दानापुर हेल्पलाइन:-8905697493
कमर्शियल कंट्रोल :-7759070004
आरा हेल्पलाइन:-8306182542
बक्सर से सांसद और उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय में राज्य मंत्री अश्विनी चौबे घटनास्थल की ओर रवाना हो गए हैं. उन्होंने प्रेस से कहा,
''रघुनाथपुर स्टेशन पर दिल्ली से गुवाहाटी जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस की कुछ बोगियां पटरी से उतर गई हैं. इनमें से दो एसी की बोगियां हैं. इस विषय में मेरी रेल मंत्री से बात हुई है. NDRF के डीजी से बात हुई है. चीफ सेक्रेट्री बिहार से बात हुई है. संबंधित रेल ज़ोन के जनरल मैनेजर मौके के लिए रवाना हो गए हैं. आम जन, पार्टी कार्यकर्ता और समाजसेवी भी मौके पर पहुंचकर हाथ बंटा रहे हैं. डॉक्टरों की टीम को भी रवाना किया गया है. रेस्क्यू चल रहा है. मैं भारत सरकार के एक कार्यक्रम के लिए भागलपुर जा रहा था, लेकिन नौगछिया में सूचना मिली और अब मैं भी उसी ओर जा रहा हूं.''
फिलहाल घटना के कारणों का पता नहीं लग सका है.
(ये खबर अभी अपडेट हो रही है.)


















